Top News

कल दादरी में गूंजेगा ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ का नारा, 7 अक्टूबर को जेवर में किसानों के साथ पदयात्रा करेगी कांग्रेस


जिला कांग्रेस ने प्रेसवार्ता कर दो दिवसीय कार्यक्रमों की दी जानकारी, दीपक भाटी चोटीवाला बोले—मताधिकार और किसानों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता जिला कांग्रेस कमेटी, गौतम बुद्धनगर ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर 6 अक्टूबर को दादरी में ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’ और 7 अक्टूबर को जेवर विधानसभा क्षेत्र में प्रांतीय किसान पदयात्रा के आयोजन की जानकारी दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि दोनों कार्यक्रम लोकतांत्रिक अधिकारों, संविधान की रक्षा और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं।
दादरी में निकलेगा ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत 6 अक्टूबर को दादरी नगर में ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा। इसमें कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मार्च के माध्यम से मताधिकार की रक्षा, संविधान की मजबूती और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोट से जुड़े सवालों, संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और विपक्ष की आवाज को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही हैं।

दीपक भाटी ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ अभियान को प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा अभियान बताया।
7 अक्टूबर को जेवर में किसानों के बीच पहुंचेगी प्रांतीय पदयात्रा
पत्रकार वार्ता में 7 अक्टूबर को जेवर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित प्रांतीय किसान पदयात्रा की तैयारियों और रूट की जानकारी भी साझा की गई। यात्रा संयोजक अजय छोंकर ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ किसान पदयात्रा जहांगीरपुर से शुरू होकर मोहबलीपुर, थोरा, मॉडलपुर, किशोरपुर, बनवारीवास, नीमका सहित विभिन्न गांवों से होते हुए जेवर नगर पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता किसानों से सीधा संवाद करेंगे तथा भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, आबादी निस्तारण, किसानों के अधिकार, रोजगार और प्राधिकरणों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे।
यात्रा में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम तथा प्रांतीय प्रभारी सचिव एवं पूर्व विधायक संजीव आर्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
भूमि अधिग्रहण और मुआवजे समेत किसानों के मुद्दे उठाएगी कांग्रेस
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर का किसान लंबे समय से भूमि अधिग्रहण, उचित मुआवजा, आबादी निस्तारण, किसानों के अधिकार, स्थानीय युवाओं के रोजगार तथा विभिन्न प्राधिकरणों से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार उठाती रही है और आगे भी किसानों के साथ खड़ी रहेगी।
उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण समाज की रीढ़ हैं। उन्हें उनका हक, सम्मान और न्याय मिलना चाहिए। 7 अक्टूबर की पदयात्रा के माध्यम से किसानों की समस्याओं को सुनकर उनकी आवाज प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 6 अक्टूबर का मार्च लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा की आवाज बनेगा, जबकि 7 अक्टूबर की किसान पदयात्रा किसानों के हक, सम्मान और न्याय के मुद्दों को मजबूती देगी।
जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के पदाधिकारियों, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों, फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, कार्यकर्ताओं तथा किसानों से दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
 पदाधिकारी रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में जिला उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, मीडिया पैनलिस्ट दुष्यंत नागर, किसान यात्रा संयोजक अजय छोंकर, सेवादल चेयरमैन सतीश शर्मा, सैनिक प्रकोष्ठ चेयरमैन महाराज सिंह, जिला उपाध्यक्ष निशा शर्मा, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ चेयरमैन अरुण भाटी, अनुसूचित जाति चेयरमैन धर्म सिंह जीनवाल, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष श्रुति कुमारी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा जिला कार्यालय प्रभारी सचिव सुबोध भट्ट सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने