गौतमबुद्धनगर/फेस वार्ता। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अस्थाई गौ आश्रय स्थलों की जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने जनपद की गौशालाओं एवं अस्थाई गौ आश्रय स्थलों की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध व्यवस्थाओं और प्रगति के संबंध में आयोग के उपाध्यक्ष को विस्तार से जानकारी दी।
गोवंश के संरक्षण और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में गोवंश के संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता, पोषण, स्वच्छ पेयजल और पर्याप्त चारे की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए।
उन्होंने अस्थाई गौ आश्रय स्थल ततारपुर में स्वच्छ पेयजल, नियमित साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश संबंधित खंड विकास अधिकारी को दिए।
उपाध्यक्ष ने जनपद की सभी गौशालाओं एवं गौ आश्रय स्थलों में नर एवं मादा गोवंश को अलग-अलग रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
गोवंश के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी के निर्देश
महेश कुमार शुक्ल ने अस्थाई गौ आश्रय केंद्रों में संरक्षित गोवंश के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पंचायतों द्वारा एसएफसी पूलिंग के माध्यम से गोवंश के लिए पशुआहार सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गौ आश्रय स्थलों के संचालन में आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। गोवंश के स्वास्थ्य की नियमित जांच के साथ बीमार पशुओं के उपचार की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को शासन एवं आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप गौ आश्रय स्थलों का संचालन करते हुए वहां की व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
निर्धारित समय-सीमा में होगा निर्देशों का अनुपालन
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने आयोग के उपाध्यक्ष को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौशालाओं एवं अस्थाई गौ आश्रय स्थलों में गोवंश के लिए बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं पेयजल की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में डीसीपी राजेन्द्र कुमार गौतम, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह सहित प्राधिकरण, नगर पालिका, नगर पंचायत, पशुपालन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पत्रकारों से प्रेस वार्ता में सरकार के प्रयासों की दी जानकारी
बैठक से पूर्व उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने पत्रकार बंधुओं के साथ प्रेस वार्ता की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा गोवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं कल्याण के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने, पर्याप्त चारा-पानी एवं चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा गोवंश के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गोवंश संरक्षण से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है और गौ आश्रय स्थलों में उपलब्ध सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है।
उपाध्यक्ष ने पत्रकारों से शासन एवं आयोग द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपेक्षा की।
एक टिप्पणी भेजें