भाजपा सरकार पर दलितों, वंचितों और सामाजिक न्याय की आवाज दबाने का लगाया आरोप।
नोएडा वेस्ट बिसरख/ फेस वार्ता: जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्धनगर द्वारा जिला कांग्रेस मुख्यालय, ग्रेटर नोएडा वेस्ट पर काली पट्टी बांधकर भाजपा सरकार की दलित विरोधी मानसिकता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी उत्तराखंड में दर्ज मुकदमे के विरोध में जोरदार प्रदर्शन एवं पैदल मार्च किया गया।
जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली में भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे हमले एवं जातीय-सामाजिक अपमानजनक नारों के बाद राहुल गांधी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। इसके बाद आरोपियों पर कार्यवाही करने के बजाय उल्टा राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना राजनीतिक प्रतिशोध और सामाजिक न्याय की आवाज को दबाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में जब कोई नेता दलितों, पिछड़ों, गरीबों और वंचित समाज के अधिकारों एवं सम्मान के लिए आवाज उठाता है, तो सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर उसकी आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा इसी राजनीतिक प्रतिशोध की मानसिकता का उदाहरण है। उत्तराखंड भाजपा सरकार की नाक के नीचे कथित सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा कराई गई यह कार्रवाई केवल राहुल गांधी को निशाना बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के उन करोड़ों लोगों की आवाज को दबाने का प्रयास है जो सामाजिक न्याय, संविधान, समानता और सम्मानजनक जीवन के अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
जिला संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने कहा भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोगों द्वारा कथित तौर पर दलितों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर किए गए आपत्तिजनक व्यवहार पर कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी जी के खिलाफ FIR दर्ज करना भाजपा की दलित विरोधी और कुटिल राजनीतिक मानसिकता को उजागर करता है। सत्ता के संरक्षण में विपक्ष की आवाज दबाने की ऐसी कोशिशों का कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।
जिला कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांह पर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया और इसके बाद पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के समर्थन में आवाज बुलंद की तथा संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प लिया।
जिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर संविधान में निहित सामाजिक न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों से समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, गरीबों और वंचित वर्गों की आवाज लगातार मजबूती से उठा रहे हैं और कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
प्रवक्ता दुष्यंत नागर ने कहा कि मुकदमों और सरकारी दबाव से राहुल गांधी जी की आवाज नहीं दबाई जा सकती। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के चैयरमैन ने स्पष्ट कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और सम्मान की लड़ाई है। जब तक दलितों और वंचित समाज के सम्मान एवं अधिकारों पर हमला होता रहेगा, कांग्रेस पार्टी मजबूती से उसके खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। कांग्रेस का यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और भाजपा की दमनकारी एवं दलित विरोधी राजनीति के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
कार्यक्रम में गौतम अवाना, दुष्यंत नागर, मुकेश शर्मा, नीरज लोहिया, महाराज सिंह नागर, हरेंद्र शर्मा, पुनीत मावी, सुबोध भट्ट, नीतीश चौधरी, विपिन त्यागी, असगर अली, ओंमकार राणा, मोहित भाटी, जतन सिन्हा, सुनील नंबरदार, दिनेश कुमार, दिनेश, मोहम्मद वारिस, छोटे प्रधान, भूपेंद्र भाटी, सचिन एडवोकेट के के भाटी एडवोकेट रिंकू यादव एडवोकेट अमित भाटी एडवोकेट, सागर शर्मा एडवोकेट, मुन्नालाल ओमकार, सौरभ आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें