ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, नि:शुल्क दवाएं और चश्मे किए गए वितरित
बड़ौत/बागपत/ फेस वार्ता भगवत प्रसाद शर्मा: स्वर्गीय प्रोफेसर राजपाल सिंह तोमर की पुण्यस्मृति में ग्राम किशनपुर बराल में चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट एवं बड़ौत मेडिसिटी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में ऑक्सीजन स्तर, रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच की गई। इसके अलावा जनरल फिजिशियन, महिला स्वास्थ्य विशेषज्ञों तथा अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर के मुख्य अतिथि बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने शिविर का अवलोकन कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकीय टीम से मरीजों की जांच एवं उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आयोजकों के सेवा-समर्पण की सराहना की।
सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे नि:शुल्क चिकित्सा शिविर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाज के अंतिम पायदान तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होते हैं।
नेत्र परीक्षण के साथ नि:शुल्क चश्मे और दवाएं वितरित
शिविर में नेत्र परीक्षण की भी विशेष व्यवस्था की गई। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क औषधियां उपलब्ध कराई गईं, जबकि पात्र नेत्र रोगियों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को रोगों की रोकथाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया।
चिकित्सकों ने लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की अपील की।
चिकित्सकीय टीम ने दी सेवाएं
चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव डॉ. मनीष तोमर एवं बड़ौत मेडिसिटी हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. गीतांजलि तोमर के मार्गदर्शन में चिकित्सकीय दल ने ग्रामीणों को अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में डॉ. तरुण तोमर, डॉ. शश्या तोमर, डॉ. कपिल तोमर, डॉ. आर.के. चौधरी, डॉ. अखिलेश कुमार तथा ऑप्टोमेट्रिस्ट अंकुर गुप्ता सहित चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जनसुलभ बनाने, स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।
स्वर्गीय प्रो. राजपाल सिंह तोमर की स्मृति में आयोजित यह चिकित्सा शिविर सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकार का प्रेरक उदाहरण बना।
एक टिप्पणी भेजें