ग्रेटर नोएडा वेस्ट/ फेस वार्ता: जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने मंगलवार को बिसरख स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi के राजस्थान के कोटा में आयोजित ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम में उठाए गए मुद्दों को लेकर पत्रकार वार्ता एवं प्रस्तुति का आयोजन किया। इस दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि देश के करोड़ों छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट सहित कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं ने युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर किया है और उनके भविष्य को प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा कि कोटा में आयोजित ‘छात्र संवाद’ कार्यक्रम में राहुल गांधी ने हजारों छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी चिंताओं और समस्याओं को सुना तथा इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का संकल्प लिया। कांग्रेस का मानना है कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े विषयों को राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठाकर देखा जाना चाहिए और युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
प्रेस वार्ता के दौरान एक प्रस्तुति के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी तथा युवाओं में बढ़ती निराशा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बावजूद निष्पक्ष अवसर न मिलने से छात्रों में हताशा बढ़ रही है, जिसका सामाजिक प्रभाव भी दिखाई दे रहा है।दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने की मांग को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार को परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
कार्यक्रम में दुष्यंत नागर, मुकेश शर्मा, गौतम अवाना, महाराज सिंह नागर, सूबेदार सतपाल सिंह, निशा शर्मा, नीरज लोहिया, धर्मवीर प्रधान, सुरेंद्र प्रताप सिंह, सतीश शर्मा, धर्म सिंह, मेहकर सिंह, आर.के. प्रथम, रमेश यादव, सुबोध भट्ट, तनवीर, बिन्नू भाटी, नितीश चौधरी, सचिन शर्मा, विपिन त्यागी, दयानंद नागर, प्रिंस भाटी, गजन प्रधान, धीरे सिंह, रमेश जीनवाल, ओमकार राणा, जतन सिन्हा, ओमप्रकाश, विजयपाल सिंह, प्रियंका सिन्हा, संजय भाटी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें