Top News

गौतमबुद्धनगर में दैनिक श्रमिकों के लिए बनेगी विशेष स्वास्थ्य व्यवस्था, डीएम ने दिए निर्देश।

सूरजपुर गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता:
गौतमबुद्धनगर। जनपद के लाखों दैनिक श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण स्थलों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य कार्यस्थलों पर कार्यरत श्रमिकों को उनके आवासीय क्षेत्रों के निकट ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रमिकों को कार्य पर जाने से पहले अथवा कार्य से लौटने के बाद स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा सुविधा आसानी से मिल सके, इसके लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को श्रमिकों के आवासीय क्षेत्रों के निकट उपयुक्त स्थानों का चयन कर स्वास्थ्य जांच शिविर एवं चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए। इन केंद्रों पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि श्रमिकों को समय पर उपचार और परामर्श मिल सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में श्रमिक बहुल क्षेत्रों का विस्तृत मानचित्र तैयार किया जा रहा है। इसके आधार पर उन स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां स्वास्थ्य शिविर लगाकर अधिक से अधिक श्रमिकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री और अन्य चिकित्सीय संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता हर समय बनी रहे, जिससे जरूरतमंद श्रमिकों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रमिक जनपद के विकास की रीढ़ हैं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रमिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना पर काम करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) समेत स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने