नोएडा, फेस वार्ता भारत शर्मा: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा में सेक्टर-110 स्थित यथार्थ हॉस्पिटल के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को समझाना था।
इस हेल्थ कैंप में करीब 250 छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया और अपनी बेसिक हेल्थ जांच कराई। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल, बॉडी पैरामीटर्स की जांच के साथ विशेषज्ञों द्वारा प्रारंभिक चिकित्सीय परामर्श भी दिया गया। इस पहल ने प्रतिभागियों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति के प्रति सजग होने और समय रहते जरूरी कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डॉ. इसरारुल हक द्वारा लिया गया स्वास्थ्य जागरूकता सत्र रहा। उन्होंने युवाओं में बढ़ती ऑटोइम्यून और रुमेटोलॉजिकल बीमारियों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. हक ने बताया कि जोड़ों में दर्द, लगातार थकान और सूजन जैसे शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर जांच बेहद जरूरी है।
सत्र के दौरान छात्रों ने बढ़-चढ़कर सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने सरल और व्यावहारिक तरीके से समाधान दिया। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन को स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक बताया।कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व को दोहराते हुए आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। यह पहल विश्व स्वास्थ्य दिवस के संदेश ‘स्वस्थ जीवन, बेहतर भविष्य’ को साकार करने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुई।
एक टिप्पणी भेजें