Top News

SPEL 3.0: थाना कासना में छात्रों को मिला पुलिसिंग का लाइव अनुभव, महिला सुरक्षा पर बढ़ी जागरूकता

ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्धनगर/फेस वार्ता गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में चल रहे SPEL 3.0 (स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरियेंशियल लर्निंग) कार्यक्रम के तहत थाना कासना में एक प्रभावी शैक्षिक सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में शारदा यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुलिस कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर प्राप्त किया। इस दौरान प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली, महिला सुरक्षा से जुड़ी प्रमुख पहल, जनसहभागिता और पुलिस-जन संवाद के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।छात्रों को थाना स्तर पर होने वाली दैनिक कार्यवाहियों, शिकायत निस्तारण प्रक्रिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया। संवादात्मक सत्र के माध्यम से छात्रों ने कई सवाल पूछे और पुलिस अधिकारियों से सीधा मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया और पुलिस विभाग द्वारा मिले सहयोग व मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
युवाओं को सशक्त बनाने की पहल
SPEL 3.0 का उद्देश्य युवाओं को पुलिस व्यवस्था से जोड़ना, उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना और महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना है। यह पहल छात्रों को न केवल सैद्धांतिक बल्कि व्यावहारिक पुलिसिंग अनुभव भी प्रदान कर रही है, जिससे वे समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बन सकें।

Post a Comment

और नया पुराने