Top News

राष्ट्रीय कांग्रेस का विधानसभा घेराव 17 फरवरी को, तैयारियों पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट में प्रेस वार्ता।

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता भारत शर्मा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने 17 फरवरी 2026 को प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि प्रदेश के 75 जिलों में पिछले एक महीने के दौरान लगभग 5000 “मनरेगा बचाओ चौपाल” आयोजित की जा चुकी हैं। इन चौपालों के माध्यम से गांव-गांव जाकर श्रमिकों, किसानों और आम नागरिकों को मनरेगा से जुड़े मुद्दों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश के सभी जिलों में “मनरेगा बचाओ पदयात्रा” आयोजित की गई, जिसमें व्यापक जनसमर्थन देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी ने लोगों  से संपर्क कर श्रमिकों के अधिकारों से समझौता न करने का संदेश दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि भुगतान में देरी, कार्यों में कटौती और प्रशासनिक उदासीनता के कारण गरीब परिवारों की आजीविका पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 17 फरवरी का विधानसभा घेराव श्रमिकों के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण चरण साबित होगा और जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इसमें भाग लेंगे। जिला अध्यक्ष ने बताया कि जनपद स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है और आंदोलन को लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी ने आम नागरिकों से भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। प्रेस वार्ता में दुष्यंत नागर, मुकेश शर्मा, महाराज सिंह नागर, धर्म सिंह जीनवाल, सतीश शर्मा, श्रुति कुमारी, रिज़वान चौधरी, निशा शर्मा, अरुण गुर्जर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने