Top News

भारतीय किसान यूनियन (कृषक) ने उठाए बैकलीज, आबादी, अतिरिक्त प्रतिकर और 10% भूखंड समेत कई मुद्दे

ग्रेटर नोएडा/फेस वार्ता:64.7% की स्वीकृति पर किसान खुश, शेष 4% भूखंड को लेकर अभी भी इंतजार
भारतीय किसान यूनियन (कृषक) की ओर से किसानों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर की स्वीकृति से किसानों में खुशी है और इस दिशा में सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों का संगठन की ओर से धन्यवाद किया गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस निर्णय का दूसरा पहलू यह भी है कि शेष 4 प्रतिशत भूखंड की स्वीकृति अभी लंबित है, जिससे किसानों में निराशा और पीड़ा बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन जल्द ही शेष 4 प्रतिशत भूखंड की भी स्वीकृति प्रदान करेगा।
संगठन के राष्ट्रीय संचार मंत्री विजय भाटी मायचा ने कहा कि किसानों की बैकलीज का मुद्दा करीब 15 वर्षों से लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की नीतियों के कारण इस समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित आबादी के मामलों का भी जल्द निस्तारण किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि न्यू नोएडा में किसानों को मुआवजे के साथ 10 प्रतिशत भूखंड आवंटित किए जाने की मांग को लेकर संगठन जल्द ही जागरूकता अभियान शुरू करेगा, ताकि किसानों को उनके अधिकारों की जानकारी दी जा सके।
जिला अध्यक्ष विक्रम भाटी ने कहा कि वर्ष 1997 से 2001 के बीच जिन किसानों की भूमि का अधिग्रहण हुआ है, उन्हें भी 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर और 10 प्रतिशत भूखंड का लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐंच्छर, कासना, हल्दौन और गुजरपुर गांवों के किसानों को 10 प्रतिशत भूखंड देने की नीति शासन स्तर से स्वीकृत होने की बात कही गई है, लेकिन इसके बावजूद ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा किसानों को भूखंड उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।
विक्रम भाटी ने ऐंच्छर गांव के किसानों के अतिरिक्त प्रतिकर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 26 रुपये अतिरिक्त प्रतिकर के मामले में किसान पिछले करीब 30 वर्षों से प्राधिकरण के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने इस मामले के जल्द समाधान की मांग की।
प्रदेश मीडिया प्रभारी अनिल नागर ने बताया कि किसानों की बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर आगामी दिन एनपीएसएल कार्यालय में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण वार्ता होगी। उन्होंने यह भी बताया कि 22 अक्टूबर को यमुना प्राधिकरण पर किसानों की विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर, राष्ट्रीय संचार मंत्री विजय भाटी मायचा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अनिल नागर, जिला अध्यक्ष विक्रम भाटी सहित आशीष नागर, ललित भाटी, परवीन भाटी, यासीन खान समेत अन्य किसान मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने