Top News

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आयुष विभाग को मिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल का पुरस्कार

गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: 29 सितंबर 2026
 इंडियन एक्सपो मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण में उत्तर प्रदेश आयुष विभाग के स्टॉल को हॉल-4 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल (Best Display Stand) का पुरस्कार प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि से आयुष विभाग की गतिविधियों, सेवाओं एवं उत्तर प्रदेश में आयुष क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली।
 आयुष विभाग के उप निदेशक डॉ. राम कृपाल, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गौतम बुद्ध नगर डॉ. वंदना रानी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गाजियाबाद डॉ. अशोक राणा तथा जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल ने स्टॉल पर आने वाले अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत किया तथा उत्तर प्रदेश में आयुष चिकित्सा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
 स्टॉल पर आगंतुकों को आयुष चिकित्सा पद्धतियों, सुरक्षित एवं मानकीकृत औषधि निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, अनुसंधान एवं नवाचार, आयुर्वेद, योग एवं पंचकर्म के साथ-साथ आयुर्वेद के वैश्वीकरण की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश को वेलनेस टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने तथा गुणवत्तापूर्ण, साक्ष्य-आधारित एवं अनुसंधानपरक आयुर्वेदिक उपचार को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया।
 स्टॉल पर चिकित्सकों द्वारा आगंतुकों की नाड़ी परीक्षा कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही आयुर्वेदिक आहार-विहार, ऋतुचर्या एवं दिनचर्या के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई।
  इस आयोजन में आयुष विभाग के जनपद गौतमबुद्धनगर के सभी चिकित्साधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की तथा स्टॉल के सफल संचालन, आगंतुकों के मार्गदर्शन एवं विभागीय गतिविधियों के प्रभावी प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल का पुरस्कार प्राप्त होना आयुर्वेद विभाग एवं होमियोपैथी विभाग जनपद गौतमबुद्ध नगर की टीम की समन्वित कार्यशैली एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति का परिणाम रहा।
      

Post a Comment

और नया पुराने