गौड़ सिटी चौक से लेकर पार्किंग, सीवरेज और CNG जाम तक के मुद्दे प्रमुखता से उठाए
गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता :उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने जनपद के व्यापारियों एवं आम जनता की विभिन्न गंभीर समस्याओं को लेकर व्यापार बंधु समिति की बैठक में प्रमुखता से आवाज उठाई। उन्होंने गौड़ सिटी चौक पर धीमी गति से चल रहे कार्य, सेक्टर-115 आइवरी काउंटी के सामने धूल-मिट्टी, सेक्टर-49 एवं सेक्टर-51 में बंद सीवरेज नालों, हनुमान मूर्ति रोड स्थित CNG स्टेशन के कारण लगने वाले जाम तथा सेक्टर-51 बाजार में पार्किंग की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की।
विकास जैन ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का सीधा असर आम जनता पर भी पड़ता है। गौड़ सिटी चौक पर विकास कार्य की धीमी गति के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ हजारों वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा कराने की मांग की।
उन्होंने सेक्टर-115 स्थित आइवरी काउंटी के सामने उड़ रही धूल-मिट्टी की समस्या को भी गंभीर बताते हुए संबंधित विभाग से तत्काल स्थलीय निरीक्षण और धूल रोकने के प्रभावी इंतजाम कराने की मांग की। साथ ही सेक्टर-49 एवं सेक्टर-51 में बंद पड़े सीवरेज नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी।
सेक्टर-49 हनुमान मूर्ति रोड पर CNG स्टेशन के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा उठाते हुए विकास जैन ने यातायात विभाग से मौके का निरीक्षण कर वाहनों की कतार को व्यवस्थित करने तथा यातायात सुचारु रखने की ठोस व्यवस्था करने का आग्रह किया।
सेक्टर-51 बाजार की पार्किंग समस्या को लेकर उन्होंने कहा कि बाजार में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं और उनके चालान किए जाते हैं। उन्होंने मांग की कि पहले वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था की जाए और उसके बाद पार्किंग नियमों को सख्ती से लागू किया जाए।
इन मांगों पर मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई व्यापार बंधु समिति की बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने व्यापारिक प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश सचिव शिवा चौहान ने भी व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वहीं महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष नेहा जैन, गाजियाबाद ने महिला व्यापारियों एवं आम जनता से जुड़े विषयों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर प्रशासन राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, एसीपी ट्रैफिक पवन कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विकास जैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल व्यापारियों के साथ-साथ आम जनता से जुड़े मुद्दों को भी लगातार प्रशासन के समक्ष उठाता रहेगा और समस्याओं के समाधान तक अपनी आवाज मजबूती से उठाता रहेगा।
एक टिप्पणी भेजें