टूटी सड़कें, गंदगी और जलभराव से परेशान लोगों की सुनी समस्याएं, स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की भी उठाई मांग
नोएडा/ फेस वार्ता:7 सितंबर 2026। सामाजिक संस्था नोएडा सिटिजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह स्थानीय निवासियों के बुलावे पर नोएडा विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर-4, 5, 8 एवं 10 स्थित विभिन्न झुग्गी बस्तियों में पहुंचीं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को विस्तार से सुना।
निरीक्षण के दौरान झुग्गी बस्तियों में टूटी-फूटी सड़कें, गंदगी से भरी नालियां, जल निकासी की गंभीर समस्या, जगह-जगह जलभराव और साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था जैसी समस्याएं सामने आईं। स्थानीय लोगों ने बताया कि इन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें लंबे समय से रोजमर्रा के जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना था कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
शालिनी सिंह ने कहा कि शहर के विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब विकास की सुविधाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवार भी नोएडा का अभिन्न हिस्सा हैं। इन बस्तियों में रहने वाले श्रमिक, घरेलू सहायक, ड्राइवर, कारपेंटर, इलेक्ट्रिशियन तथा फल-सब्जी विक्रेता शहर की अर्थव्यवस्था और दैनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि ये लोग दो दिन भी अपनी सेवाएं देना बंद कर दें तो शहर की सामान्य व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे में इन परिवारों को भी स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराया जाना उनका अधिकार है। उन्होंने इन बस्तियों में स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाने की भी मांग की और कहा कि इसके लिए सीएसआर फंडिंग का भी उपयोग किया जा सकता है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क, नाली, जल निकासी और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी का सबसे अधिक असर बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दैनिक मजदूरी करने वाले परिवारों पर पड़ रहा है। शालिनी सिंह ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर व्याप्त समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। लोगों का इस तरह कष्ट और परेशानी में जीवन यापन करना बेहद चिंताजनक है।
नोएडा सिटिजन फोरम की अध्यक्ष शालिनी सिंह ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मांग की कि तत्काल संबंधित अधिकारियों को इन क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए भेजा जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत कराई जाए, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने सेक्टर-5, 6, 8 एवं 10 की झुग्गी बस्तियों में विशेष अभियान चलाकर समस्याओं के समाधान की मांग की। साथ ही नालियों की नियमित सफाई, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, जलभराव एवं जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
शालिनी सिंह ने स्थानीय निवासियों को आश्वस्त किया कि नोएडा सिटिजन फोरम उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों और नोएडा प्राधिकरण के समक्ष मजबूती से उठाएगा। साथ ही इन समस्याओं को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लाया जाएगा और समाधान होने तक फोरम निरंतर प्रयास करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का उचित समाधान कराना फोरम की प्राथमिकता है और आम नागरिकों की आवाज को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाना फोरम की प्रतिबद्धता है।
इस मौके पर एन.सी.एफ. टीम से प्रदीप यादव, आकाश शर्मा, कृष्णवीर सिंह, योगेंद्र शर्मा, मनीष जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें