Top News

टप्पल में यीडा की बड़ी कार्रवाई, 30 हेक्टेयर जमीन अवैध कब्जे से मुक्त

संयुक्त प्रवर्तन अभियान में करीब 3 लाख वर्गमीटर भूमि से हटाया गया अवैध अतिक्रमण, करोड़ों रुपये की जमीन कराई गई मुक्त
अलीगढ़/टप्पल, फेस वार्ता:24 सितंबर 2026।
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने जनपद अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाकर करीब 30 हेक्टेयर यानी 3 लाख वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया।
यह अभियान यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशानुसार तथा अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राजेश कुमार एवं शैलेंद्र सिंह के निर्देशन में चलाया गया।पुलिस और प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने के लिए यीडा के भूलेख एवं प्रोजेक्ट विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ स्थानीय पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अधिसूचित क्षेत्र में अवैध रूप से किए गए कब्जों को हटाया और लगभग 30 हेक्टेयर भूमि को प्राधिकरण के कब्जे में लिया।
अभियान के दौरान विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह (आईएएस), शिव अवतार सिंह, उप जिलाधिकारी हरी प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी अभिषेक शाही, उप जिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी तथा तहसीलदार मनोज कुमार सिंह सहित प्राधिकरण एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया, जिससे अभियान को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सका।
अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण पर सख्त रुख
यीडा ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जा, अनधिकृत निर्माण अथवा बिना अनुमति विकास कार्य किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। प्राधिकरण क्षेत्र में नियोजित एवं सुनियोजित विकास व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, अधिसूचित क्षेत्रों में भूमि के अनधिकृत उपयोग और अवैध विकास गतिविधियों पर निगरानी जारी रहेगी तथा आवश्यकता के अनुसार आगे भी प्रवर्तन अभियान चलाए जाएंगे।
यीडा की इस कार्रवाई से अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ प्राधिकरण के सख्त रुख का संकेत मिला है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और नियोजित विकास व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

और नया पुराने