Top News

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का भव्य शुभारंभ, अमित शाह बोले—निवेश और निर्यात का बड़ा केंद्र बन रहा उत्तर प्रदेश


गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा में चौथे संस्करण की शुरुआत, सीएम योगी की मौजूदगी में 90 देशों के खरीदारों और 2,400 से अधिक प्रदर्शकों ने लिया हिस्साग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS) के चौथे संस्करण का भव्य शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, विदेशी प्रतिनिधि, उद्यमी और उद्योग जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे। ट्रेड शो का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक किया जा रहा है।
उद्घाटन अवसर पर अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश, उत्पादन, व्यापार और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो देश-विदेश के खरीदारों, उद्यमियों और निवेशकों को उत्तर प्रदेश के उत्पादों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में बदलते औद्योगिक माहौल, कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और निवेश के अवसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर, वाहन निर्माण, मेडिकल डिवाइस पार्क समेत कई औद्योगिक गतिविधियां विकसित हो रही हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर और बढ़ते रक्षा उत्पादन को भी प्रदेश के औद्योगिक विकास का उदाहरण बताया।
90 देशों से पहुंचे खरीदार, 2,400 से अधिक प्रदर्शक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विदेशी प्रतिनिधियों और खरीदारों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के उत्पादों, पारंपरिक उद्यमों, कारीगरों, युवाओं के नवाचार और एमएसएमई सेक्टर को वैश्विक मंच उपलब्ध करा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष करीब 36 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में 2,400 से अधिक एग्जिबिटर्स हिस्सा ले रहे हैं। करीब 1.5 लाख बी2बी विजिटर्स के शामिल होने की संभावना है। 90 देशों से 600 से अधिक विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों की भागीदारी बताई गई है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP) के माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को ब्रांड और वैश्विक बाजार उपलब्ध कराया गया है। भदोही के कालीन, मुरादाबाद का पीतल, कन्नौज का इत्र और वाराणसी की सिल्क साड़ियां उत्तर प्रदेश की पहचान को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा रही हैं।
एमएसएमई क्षेत्र में एक करोड़ से अधिक पंजीकृत इकाइयां
प्रदेश के एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उद्यमियों, कारीगरों और हस्तशिल्पियों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में एक करोड़ से अधिक पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनसे तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की बात कही गई।
उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में रक्षा, कृषि, उद्योग, ई-कॉमर्स, आईटी, शिक्षा, चिकित्सा, बैंकिंग, डेयरी, हैंडलूम, टेक्सटाइल और जीआई उत्पादों सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्टॉल लगाए गए हैं। ई-कॉमर्स, एआई, सेमीकंडक्टर, फार्मा और वित्त जैसे विषयों पर नॉलेज सेशन के साथ अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ बी2बी बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं।
79 उत्पादों को जीआई टैग, 75 के लिए आवेदन
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र के 79 उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त है, जबकि 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। उन्होंने कहा कि ओडीओपी, पीएम विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी योजनाओं के जरिए कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट, ऋण, ब्रांडिंग और बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
‘एक जनपद, एक व्यंजन’ पोर्टल लॉन्च
उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेड शो में विभिन्न उत्पादों, हस्तशिल्प और औद्योगिक प्रदर्शनियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। दोनों ने विभिन्न जनपदों के उत्पादों और एमएसएमई इकाइयों की जानकारी ली। इस दौरान ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय को अर्पित किए श्रद्धा-सुमन
कार्यक्रम के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके राष्ट्र और समाज के प्रति योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राज्य मंत्री बृजेश सिंह, राज्य मंत्री एमएसएमई हंसराज विश्वकर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, गौतमबुद्धनगर सांसद डॉ. महेश शर्मा, जिला पंचायत प्रशासक अमित चौधरी, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा व नरेंद्र सिंह भाटी, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने