Top News

20 जोन और चार देशों की 75 से अधिक टीमें लेंगी हिस्सा, 22 से 28 अक्तूबर तक उमा पब्लिक स्कूल में होगा राष्ट्रीय स्तर का मुकाबला।

सीबीएसई राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में ग्रेटर नोएडा एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। इकोटेक-11 स्थित उमा पब्लिक स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप के आयोजन की जिम्मेदारी मिली है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 22 से 28 अक्तूबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
चैंपियनशिप में 20 जोन तथा भारत सहित चार देशों की 75 से अधिक टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी अपने फुटबॉल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से आने वाले युवा खिलाड़ी खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के जरिए अपनी प्रतिभा का परिचय देंगे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी ग्रेटर नोएडा को खेलों के राष्ट्रीय मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने के साथ ही क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए भी एक बड़ा प्रेरणादायी अवसर साबित होगी।
तीन वर्षों से सीबीएसई फुटबॉल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन
उल्लेखनीय है कि उमा पब्लिक स्कूल पिछले तीन वर्षों से सीबीएसई फुटबॉल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन करता आ रहा है। राष्ट्रीय चैंपियनशिप को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी आयोजनकर्ता शिवालिक राज संभाल रहे हैं। वहीं विद्यालय की फुटबॉल टीम के प्रशिक्षक हिमांशु राज जी एवं अंकित भाटी जी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार कर रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर विद्यालय की सह-संस्थापिका श्रीमती संतरा देवी, चेयरमैन डॉ. विपिन भाटी, एम.डी. एडवोकेट सचिन चौधरी, निदेशिका-प्रधानाचार्या श्रीमती सुनीता शर्मा, प्रधानाचार्य संजय शर्मा, प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह चौहान तथा सूरजपुर ब्रांच की प्रधानाचार्या श्रीमती विनोद चौधरी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय परिवार का कहना है कि इस राष्ट्रीय खेल महोत्सव के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति समर्पित होने, अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने और देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने