ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना बीटा-2 पुलिस ने कंपनी से मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें कम कीमत में बेचने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 154 मोबाइल फोन, करीब 50 लाख रुपये कीमत, 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव कुमार, मनोज कुमार, रवि कुमार, विनित उर्फ मसना, मौ0 शोएब और हसीबुर्रहमान के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को 31 अगस्त 2026 को पीपल वाला गोल चक्कर, नट मढ़ैय्या के पास थाना बीटा-2 क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
कंटेनर चालक निकला गिरोह का मास्टरमाइंड
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का मास्टरमाइंड केशव कुमार है। वह एक्सप्रेस बीज लॉजिस्टिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, डी-28 साइट-4, थाना बीटा-2 क्षेत्र में कंटेनर चालक के पद पर कार्यरत था। कंपनी द्वारा तैयार मोबाइल फोन को अलग-अलग स्थानों पर ऑर्डर डिलीवरी के लिए ले जाने के दौरान वह कंटेनर की सील खोलकर मोबाइल फोन के कार्टूनों से चिट हटाता था और मोबाइल निकालकर अपने साथियों को सौंप देता था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी किए गए मोबाइल फोन को अलग-अलग स्थानों पर मार्केट रेट से कम कीमत पर बेचते थे और इससे अवैध धन अर्जित करते थे।
ऑडिट में सामने आई थी 165 मोबाइल फोन की चोरी
कंपनी में ऑडिट के दौरान 165 मोबाइल फोन गायब पाए गए थे। इसके बाद कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर 24 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 में मुकदमा अपराध संख्या 284/2026 धारा 306/61(2) बीएनएस के तहत केशव कुमार और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने चोरी किए गए मोबाइल फोन की तलाश के लिए सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
छह आरोपियों की गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में केशव कुमार निवासी ग्राम बेर नगरिया, थाना गोंडा, जिला अलीगढ़, उम्र 30 वर्ष; मनोज कुमार निवासी ग्राम कुंवरपुर, थाना गोंडा, जिला अलीगढ़, उम्र 25 वर्ष; रवि कुमार निवासी ग्राम उमराला, थाना कोसी कला, जिला मथुरा, उम्र 32 वर्ष; विनित उर्फ मसना निवासी ग्राम कुंवरपुर, थाना गोंडा, जिला अलीगढ़, उम्र 23 वर्ष; मौ0 शोएब निवासी मोहल्ला पतियापाड़ा बाइपास, चांदपुर, जिला बिजनौर, उम्र 24 वर्ष तथा हसीबुर्रहमान निवासी ग्राम मेवा नवादा, थाना स्योहारा, जिला बिजनौर, उम्र 32 वर्ष शामिल हैं।
मास्टरमाइंड केशव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, आरोपी केशव कुमार के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना छर्रा अलीगढ़ में वर्ष 2024 के दो मुकदमे, थाना इगलास अलीगढ़ में वर्ष 2020 का मुकदमा तथा थाना सूरजपुर गौतमबुद्धनगर में वर्ष 2023 के दो मुकदमे शामिल हैं।
यह सामान हुआ बरामद
154 मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये
2.50 लाख रुपये नकद
वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार, रजिस्ट्रेशन नंबर 26BH3539K
पुलिस ने मामले में मुकदमा अपराध संख्या 284/2026, धारा 306/61(2)/317(2) बीएनएस, थाना बीटा-2, ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्धनगर में सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी किए गए मोबाइल फोन की बरामदगी के संबंध में भी जांच कर रही है।
एक टिप्पणी भेजें