ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: आईआईएलएम यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा में शिक्षक हित, शैक्षिक सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक सहभागिता को केंद्र में रखते हुए शिक्षक संवाद एवं विचार-विमर्श सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) के जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक समुदाय के हितचिंतक श्रीचंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) जय शंकर वारियर द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन उपकुलसचिव (डेप्युटी रजिस्ट्रार) श्री शरद शर्मा ने किया।अपने संबोधन में श्रीचंद शर्मा ने शिक्षकों के अधिकारों, सेवा-सुविधाओं, शैक्षिक गरिमा और शिक्षक कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि शिक्षक समुदाय के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य की योजनाओं और प्रस्तावित कार्यनीतियों की जानकारी भी साझा की।
उन्होंने विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों, सह-प्राध्यापकों, विभागाध्यक्षों और अधिष्ठाताओं को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका, मताधिकार के महत्व तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया। इसके अतिरिक्त शिक्षकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की।
इस अवसर पर कुलसचिव (रजिस्ट्रार) ब्रिगेडियर सुरप्रीत सिंह गिल (वेटेरन), ग्रेटर नोएडा मंडल के मंत्री एवं संयोजक गौरव तोमर, मनवीर नागर सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने शैक्षिक विकास, शिक्षक कल्याण और लोकतांत्रिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे तथा सक्रिय सहभागिता निभाई। सकारात्मक संवाद और बौद्धिक विमर्श से परिपूर्ण यह आयोजन शिक्षक सम्मान, शैक्षिक उत्कृष्टता और लोकतांत्रिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
एक टिप्पणी भेजें