Top News

लखनऊ में जेवर के किसानों का ऐतिहासिक सम्मान: मुख्यमंत्री योगी ने सराहा किसानों का त्याग और विधायक धीरेन्द्र सिंह की भूमिका

लखनऊ/फेस वार्ता: नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए अपनी भूमि समर्पित करने वाले जेवर क्षेत्र के किसानों ने सोमवार को विधायक धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। यह अवसर केवल औपचारिक भेंट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि किसानों के त्याग, विकास और बदलते उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर का प्रतीक बन गया।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि वे केवल जनप्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि उन हजारों किसान परिवारों की भावनाओं के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित हैं, जिन्होंने प्रदेश और देश के विकास के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन समर्पित की है। उन्होंने कहा कि किसान के लिए भूमि केवल संपत्ति नहीं, बल्कि उसकी पहचान और भविष्य का आधार होती है।
उन्होंने कहा कि जेवर के किसानों ने अपनी ही भूमि पर विकसित हो रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से लखनऊ तक हवाई यात्रा कर एक नया इतिहास रचा है। कल तक जिन हाथों में हल और फावड़ा था, आज उन्हीं हाथों में बोर्डिंग पास है। यह किसानों के सम्मान और बदलते उत्तर प्रदेश की नई पहचान है।
मुख्यमंत्री ने किसानों और विधायक की भूमिका को सराहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना को साकार करने में जेवर के किसानों के त्याग और विधायक धीरेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद भी कई चुनौतियां थीं, लेकिन किसानों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें विकास की संभावनाओं से जोड़ने का कार्य सफलतापूर्वक किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का विश्वास जीतने और सरकार व किसानों के बीच मजबूत सेतु बनाने में विधायक धीरेन्द्र सिंह का योगदान उल्लेखनीय रहा है, जिसके परिणामस्वरूप आज यह परियोजना विश्वस्तरीय स्वरूप ले चुकी है।
जेवर बनेगा वैश्विक निवेश और रोजगार का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 तक जेवर क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं के मामले में पिछड़ा हुआ था, लेकिन आज यह उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े विकास केंद्रों में शामिल होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सेमीकंडक्टर यूनिट, मेडिकल डिवाइस पार्क, विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थानों और अन्य बड़े निवेशों की योजनाएं प्रस्तावित हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और किसानों को बेहतर आर्थिक अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के माध्यम से फल, सब्जी और अन्य कृषि उत्पाद सीधे वैश्विक बाजारों तक पहुंच सकेंगे, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा।
जेवर डिग्री कॉलेज इसी सत्र से होगा शुरू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि जेवर डिग्री कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में इंडोर स्टेडियम, चिकित्सा सुविधाओं और मेडिकल शिक्षा के विस्तार के लिए आवश्यक कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों ने साझा किए बदलाव के अनुभव
कार्यक्रम में शामिल किसानों ने एयरपोर्ट परियोजना को क्षेत्र के विकास की नई पहचान बताया। किसानों ने कहा कि एयरपोर्ट के कारण रोजगार, शिक्षा, व्यापार और कनेक्टिविटी के नए अवसर खुले हैं। कई किसानों ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताते हुए कहा कि अपनी ही भूमि पर बने एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री से मिलने की यात्रा उनके लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम का समापन मुख्यमंत्री के प्रति आभार और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ हुआ। किसानों ने विश्वास जताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और विकास का प्रमुख इंजन साबित होगा।

Post a Comment

और नया पुराने