गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एडीएमएलए बच्चू सिंह एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने किसानों की लंबित मांगों और जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि जनपद गौतमबुद्ध नगर में किसान लंबे समय से भूमि के सर्किट रेट बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को धान की फसल के लिए समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद में निजी अस्पतालों और निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली की जा रही है, जिससे आम किसान परिवार आर्थिक रूप से परेशान हैं। इसके साथ ही तहसीलों में भ्रष्टाचार चरम पर होने की बात भी कही गई। संगठन ने भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
इन सभी समस्याओं को लेकर जिला अधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएमएलए को सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल को अधिकारियों की ओर से समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव हरेंद्र नागर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान हरेंद्र नागर, एडवोकेट जीतू गुर्जर, कपिल कसाना, एडवोकेट रीना भाटी, देवेंद्र कसाना, योगेश अवाना, एडवोकेट अजय कुमार, ललित चौधरी, सुन्दर सिंह पायला सहित कई लोग मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें