नोएडा वेस्ट/फेस वार्ता: दादरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शाहवेरी में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी सौगात देते हुए लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन विद्युत उपकेंद्र (बिजली घर) का विधिवत लोकार्पण किया गया। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र में 2×10 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं,
जिनसे क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली की मांग को पूरा करने में सहायता मिलेगी। इस परियोजना का सीधा लाभ ग्राम शाहवेरी, सेक्टर-122, रक्षा अडेला, ऑर्चिड, जेएनसी पार्क सहित आसपास के अनेक आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों को प्राप्त होगा।
नए उपकेंद्र के संचालन से लंबे समय से बनी लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग, बार-बार बिजली बाधित होने और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और सक्षम बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रमुख रूप से लोकेश त्यागी, दीपक यादव, रति पाल नागर, विमल पांडेय, दयाराम शर्मा, विपिन गौड़, शैलेंद्र गुप्ता और राजीव शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद क्षेत्रवासियों ने नए विद्युत उपकेंद्र के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार देखने को मिलेगा और भविष्य में बढ़ती आबादी की आवश्यकताओं को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा।
विधायक कार्यालय की ओर से बताया गया कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।
एक टिप्पणी भेजें