Top News

बेमिसाल यादें देकर गया ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल - संदीप मारवाह कोई भी काम हो पेशन होना जरूरी है राकेश बेदी

नोएडा/ फेस वार्ता: 19वें ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल नोएडा 2026 के अंतिम दिन सिनेमा, कलाकारों, अंतरराष्ट्रीय सहभागिता और युवा फिल्मकारों का शानदार संगम देखने को मिला। समापन समारोह में पूर्व लोकसभा सदस्य एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने फिल्म, संस्कृति और युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर विचार साझा किए।
फेस्टिवल का प्रमुख आकर्षण फिल्म ‘धुरंधर’ से जुड़े अभिनेता राकेश बेदी रहे। फिल्म के चर्चित होने के बाद राकेश बेदी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, हालांकि वे पिछले करीब तीन दशकों से फिल्म और टेलीविजन जगत में लगातार सक्रिय हैं। समारोह में फिल्म ‘धुरंधर’ और बदलते बॉलीवुड पर चर्चा के दौरान कहा गया कि इस फिल्म ने बॉलीवुड के इतिहास को ‘धुरंधर’ से पहले और बाद के दौर में देखने का एक नया दृष्टिकोण दिया है।
समापन अवसर पर फिल्म निर्देशक एवं अभिनेता अशोक त्यागी, शशि रंजन, आनंद महेंद्रू, पंकज पाराशर, नरेश बेदी, वैभव मैत्रेय, एस.एन. सिन्हा, चित्तरंजन त्रिपाठी, इश्तियाक खान, नंदा यादव, हीना पंचाल, कशिश राजपूत, भावना अग्रवाल, पायल बोरबोराज, मेहराज मेल शर्मा, शादाब निजामी, पूनम यादव, हरकीरत सिंह लाल और रोहित सहाय सहित अनेक फिल्म एवं मीडिया हस्तियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय सहभागिता भी विशेष आकर्षण रही। पनामा के राजदूत एच.ई. मिस्टर अलोंसो कोर्रिया मिगुएल, नोहेली सलिनास गोंजालेज, मोल्दोवा की राजदूत एच.ई. इंगा इओनेसी, इक्वाडोर के राजदूत एच.ई. फर्नांडो बुचेली तथा मोजाम्बिक के राजदूत एच.ई. अरमांडो पेड्रो मुइउआने जूनियर ने अपनी उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ाई।
फेस्टिवल के अध्यक्ष डॉ. संदीप मारवाह ने कहा कि 19वें ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल की सफलता उनके लिए बेहद संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि फेस्टिवल को सफल बनाने में पूरी टीम और स्टाफ ने शुरुआत से अंत तक पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम किया। उनके अनुसार इस वर्ष फेस्टिवल में दुनिया के विभिन्न देशों से फिल्म, मीडिया और कला जगत से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया गया और उन्होंने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया।
डॉ. मारवाह ने कहा कि यह फेस्टिवल अब केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक ऐसा अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुका है, जहां विभिन्न देशों के फिल्मकार, कलाकार, राजनयिक, विद्यार्थी और मीडिया प्रोफेशनल्स एक-दूसरे से संवाद कर रहे हैं और अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।
समापन समारोह में उपस्थित कलाकारों और विदेशी राजनयिकों ने विद्यार्थियों एवं युवा फिल्मकारों के साथ अपने अनुभव साझा किए और सिनेमा को वैश्विक संवाद, रचनात्मकता तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस अवसर पर डॉ. संदीप मारवाह ने तीरथ सिंह रावत सहित सभी विशिष्ट अतिथियों, कलाकारों और विदेशी राजनयिकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। तीन दिवसीय 19वां ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल नोएडा 2026 सिनेमा, कला, संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय सहभागिता की यादगार प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ।

Post a Comment

और नया पुराने