दादरी, गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: दादरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सैनी में शिक्षा के क्षेत्र को नई दिशा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई। क्षेत्रीय विधायक तेजपाल सिंह नागर ने Honda कंपनी के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के अंतर्गत लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक प्राथमिक विद्यालय का विधिवत भूमि पूजन किया। कार्यक्रम मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ।
निर्माणाधीन यह विद्यालय अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। स्कूल में बच्चों के लिए स्मार्ट एवं आधुनिक कक्षाएं, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, खेलकूद सुविधाएं और डिजिटल शिक्षा के संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। विद्यालय बनने से ग्राम सैनी सहित आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि शिक्षा समाज को नई दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक बेहतर शिक्षा सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे। विधायक ने Honda कंपनी द्वारा CSR के तहत किए जा रहे इस योगदान की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। ग्राम सैनी में आधुनिक विद्यालय का निर्माण क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
कार्यक्रम में Honda कंपनी के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामवासियों ने विद्यालय निर्माण की इस पहल का स्वागत करते हुए विधायक एवं कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
अंत में विधायक तेजपाल सिंह नागर ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जनसहयोग और निजी क्षेत्र की भागीदारी से ही क्षेत्र का तेज़ी से विकास संभव है, और इसी भावना के साथ आगे भी विकास कार्य जारी रहेंगे।
एक टिप्पणी भेजें