Top News

सालेपुर में शराब ठेके के विरोध में भाकियू बलराज की महापंचायत, प्रशासन ने 10 दिन में हटाने का दिया आश्वासन

दनकौर/ फेस वार्ता: भारतीय किसान यूनियन बलराज के बैनर तले सोमवार को ग्रेटर नोएडा के सालेपुर, दनकौर में गांव के बीच संचालित शराब के ठेके के विरोध में विशाल महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत के बाद संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण एकजुट होकर शराब के ठेके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए ठेके को बंद करा दिया। प्रदर्शनकारियों ने ठेके पर संगठन का बैनर लगाकर धरना शुरू कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी दनकौर, आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर तथा एडीसीपी ग्रेटर नोएडा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और संगठन पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि 10 दिन के भीतर शराब के ठेके को वहां से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया और संगठन ने 10 दिन का समय देने की घोषणा की।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा सिवल ने कहा कि गांव के बीचों-बीच शराब का ठेका बहन-बेटियों की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए खतरा बन चुका है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समय में ठेका नहीं हटाया गया तो संगठन आर-पार की लड़ाई लड़ते हुए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेगा।
राष्ट्रीय प्रवक्ता विपिन खारी ने कहा कि एडीसीपी ग्रेटर नोएडा को स्थानीय चौकी इंचार्ज की कार्यशैली से संबंधित शिकायतों से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो संगठन पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आंदोलन करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव ने बताया कि यह आंदोलन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी के निर्देश पर समाजहित में किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब के ठेके के कारण गांव के युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे थे और आए दिन विवाद तथा झगड़े की घटनाएं बढ़ रही थीं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा था।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रोहित भाटी ने कहा कि वर्तमान समय में शराब के ठेके गांवों, गलियों, सेक्टरों और शिक्षण संस्थानों के पास तक खोले जा रहे हैं, जो चिंताजनक है। उन्होंने सरकार से मांग की कि शराब के ठेकों की दूरी गांवों और रिहायशी क्षेत्रों से कम से कम पांच किलोमीटर निर्धारित की जाए।
महापंचायत में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, ग्रामीण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने