ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता भारत भूषण शर्मा:
क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी, किसान आंदोलन के अग्रदूत और प्रख्यात समाज सुधारक विजय सिंह पथिक की जयंती के अवसर पर 14 मार्च को रामलीला मैदान, ऐच्छर (ग्रेटर नोएडा) में एक भव्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य युवाओं और समाज को पथिक जी के संघर्ष, विचारों और किसान हितों के लिए किए गए उनके योगदान से परिचित कराना है।
कार्यक्रम में समाज के गणमान्य व्यक्तियों, बुद्धिजीवियों, युवाओं और क्षेत्र के सम्मानित ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भागीदारी की उम्मीद है। इस अवसर पर वक्ता विजय सिंह पथिक Vijay Singh Pathik के जीवन, उनके क्रांतिकारी विचारों तथा किसानों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष पर प्रकाश डालेंगे।बताया जाता है कि पथिक जी का जन्म 27 फरवरी 1882 को हुआ था और उनका मूल नाम भूप सिंह था। उन्होंने अंग्रेजी शासन के दौरान किसानों को संगठित कर अन्यायपूर्ण कर और बेगार जैसी व्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाई। राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र में चलाए गए बिजौलिया किसान आंदोलन को उन्होंने सशक्त नेतृत्व प्रदान किया, जिसे भारतीय किसान आंदोलनों के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है।
कार्यक्रम में कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर Somendra Tomar, विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व मंत्री Ashok Kataria, विधान परिषद सदस्य Narendra Bhati तथा दादरी विधायक तेजपाल नागर प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
संगोष्ठी के दौरान समाज के वरिष्ठजन और बुद्धिजीवी पथिक जी के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंग साझा करेंगे। साथ ही युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाने, शिक्षा को बढ़ावा देने और समाज सेवा के लिए आगे आने का संदेश दिया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर महान क्रांतिकारी Vijay Singh Pathik को श्रद्धांजलि अर्पित करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
एक टिप्पणी भेजें