Top News

दीपावली से पहले औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर IBA की अहम बैठक, पुलिस गश्त और CCTV बढ़ाने पर जोर।

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता भारत शर्मा:, 3 नवंबर 2026: दीपावली के मद्देनजर साइट-5 और EPIP औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा श्रमिकों से जुड़े मुद्दों के समाधान को लेकर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने पुलिस प्रशासन, UPSIDA और श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक की अध्यक्षता ADCP श्री संतोष कुमार ने की।
बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से डॉ. रवि शंकर मिश्रा, ACP-3; प्रदीप शर्मा, SHO कासना तथा हर्षवर्धन, सब-इंस्पेक्टर एवं चौकी प्रभारी साइट-5 उपस्थित रहे। UPSIDA की ओर से अनिल शर्मा, रीजनल मैनेजर, गौतम बुद्ध नगर और एन.के. जैन, अधिशासी अभियंता शामिल हुए। श्रम विभाग की ओर से श्रम प्रवर्तन अधिकारी जय प्रकाश सिंह ने बैठक में सहभागिता की।
IBA की ओर से उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, जॉइंट सेक्रेटरी विकास राय, सेक्टर सेक्रेटरी साइट-5 वीरेंद्र प्रताप रावल और वरिष्ठ सदस्य आकाश अश्वथी सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। बैठक में साइट-5 और EPIP औद्योगिक क्षेत्र के कई उद्यमियों ने भी भाग लिया। इनमें वरिष्ठ उद्यमी श्री प्रमोद झा, PPAP Automotive से श्री सुनील कुमार दीक्षित सहित अन्य उद्योग प्रतिनिधि शामिल रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य दीपावली के दौरान और उसके बाद औद्योगिक क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा तथा औद्योगिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखना रहा। इस दौरान श्रमिकों को समय पर वेतन और दीपावली बोनस का भुगतान सुनिश्चित करने के साथ-साथ श्रमिकों की छुट्टियों एवं उनके आवागमन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
उद्यमियों ने बताया कि दीपावली के अवसर पर लंबी छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिक अपने गृह जनपद चले जाते हैं। वहीं, कई औद्योगिक इकाइयां भी अस्थायी रूप से बंद रहती हैं। ऐसे में बंद फैक्ट्रियों और खाली औद्योगिक परिसरों की सुरक्षा को लेकर बैठक में गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों और संभावित अपराध प्रभावित क्षेत्रों की पहचान करने तथा आवश्यकता के अनुसार नए स्थानों पर CCTV कैमरे स्थापित कराने के सुझाव दिए गए। इसके अलावा फैक्ट्री प्रबंधन, सुरक्षा गार्डों और संबंधित कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों और उद्यमियों ने इस बात पर सहमति जताई कि दीपावली की छुट्टियों के दौरान बंद रहने वाली औद्योगिक इकाइयों में चोरी, आगजनी और अन्य अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन, UPSIDA और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
IBA ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है। साथ ही, त्योहार के दौरान और उसके बाद औद्योगिक क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, आपराधिक घटना या औद्योगिक गतिविधियों में व्यवधान उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों और उद्यमियों के साथ समन्वय जारी रखा जाएगा।

Post a Comment

और नया पुराने