ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: लडपुरा गांव स्थित नेशनल मॉडर्न पब्लिक स्कूल में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में दीपावली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया।
दीपावली महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। इसके साथ ही मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए खेलकूद एवं झूलों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। मेले में विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया। अभिभावकों ने बच्चों के इस प्रयास की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ चौधरी राजपाल सिंह भाटी, सचिन भाटी, अनिल शर्मा, अजब सिंह भाटी एवं नाकुल भाटी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपने स्टॉल के माध्यम से न केवल व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया, बल्कि आपसी सहयोग, आत्मविश्वास, प्रबंधन क्षमता और टीम भावना का भी परिचय दिया।
विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की अभिभावकों ने सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दीपावली महोत्सव ने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और अभिभावकों को एक साथ जोड़ने का सुंदर अवसर प्रदान किया।
एक टिप्पणी भेजें