Top News

गांधी-शास्त्री जयंती पर यमुना प्राधिकरण कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित।

ग्रेटर नोएडा/फेस वार्ता: महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों, विशेष कार्याधिकारियों, महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर सीईओ राकेश कुमार सिंह ने महात्मा गांधी के स्वराज, स्वदेशी, स्वच्छता, सर्वोदय और ट्रस्टीशिप जैसे सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने स्वदेशी के माध्यम से देश में निर्मित वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित किया और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत किया। वहीं, सर्वोदय का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के जीवन स्तर में सुधार और समानता की भावना को बढ़ावा देना था।
सीईओ ने भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का मंत्र देकर देशवासियों में राष्ट्रसेवा और कृषि के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया। उनके नेतृत्व में देश ने खाद्यान्न संकट से निपटने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए और जनभागीदारी को बढ़ावा मिला।
कार्यक्रम में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया एवं राजेश कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, हरि प्रताप, आरती सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग साझा किए।
इस अवसर पर राजेंद्र भाटी, एम. परियोजना, नंदकिशोर सुंदरियाल, विकास कुमार, सतेंद्र गिरी सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने