Top News

वृद्धाश्रम में भजनों से गूंजा अपनत्व, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता बुजुर्गों का दिल

ग्रेटर नोएडा/फेस वार्ता: गांधी-शास्त्री जयंती एवं अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नॉलेज पार्क-2 स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में गुरुकुल द म्युजिकोलॉजी फाउंडेशन की ओर से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भक्ति संगीत से सजी इस संध्या में बच्चों और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने वृद्धाश्रम के माहौल को भक्तिमय बना दिया। बुजुर्गों ने भी भजनों का आनंद लेते हुए कलाकारों और बच्चों का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वृद्धाश्रम के बुजुर्गों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद सरस्वती वंदना और गणेश वंदना की प्रस्तुति हुई। बच्चों एवं कलाकारों ने ‘राम आएंगे’, ‘रामा रामा’, ‘रघुपति राघव’, ‘हरे राम हरे राम’, ‘वीर हनुमाना’ और ‘हे दुखभंजन’ सहित विभिन्न भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके सानिध्य से जीवन में अनुभव, संस्कार और शांति का संचार होता है। उन्होंने बुजुर्गों के प्रति सम्मान, अपनापन और देखभाल की भावना बनाए रखने पर जोर दिया।
भजन संध्या में मुख्य कलाकार अनामिका जोशी ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। उनके साथ हारमोनियम पर उपेंद्र कुमार, ढोलक पर अमित पॉल, की-बोर्ड पर संगीत जोशी तथा तबले पर आनंद मिश्रा और शिवम मिश्रा ने संगत की।
फाउंडेशन के विद्यार्थियों पलक सिंह राजपूत, दिशा, शरद, शिवाय, साक्षी, शिवांशी और ऋत्विक ने भी विभिन्न प्रस्तुतियों में भाग लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को बुजुर्गों ने खूब सराहा और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में बीएनआई की उपाध्यक्ष पूजा यादव, अक्षय यादव, विनिता गुप्ता और आराधना वर्मा सहित शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे। आनंद मिश्रा और आराधना वर्मा कार्यक्रम के संयोजक रहे।
भजन संध्या के दौरान वृद्धाश्रम में भक्ति, संगीत और आत्मीयता का माहौल बना रहा। बच्चों और बुजुर्गों की सहभागिता ने पीढ़ियों के बीच प्रेम, सम्मान और संस्कारों के जुड़ाव का संदेश दिया।

Post a Comment

और नया पुराने