Top News

पेट्रोल-डीजल और गैस कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।

सूरजपुर/ फेस वार्ता भारत भूषण शर्मा:
जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के तत्वावधान में सोमवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर पर केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल, डीज़ल और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में की गई वृद्धि के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर नाराजगी जताई। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही केंद्र सरकार ने ईंधन और गैस की कीमतें बढ़ाकर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। नेताओं का कहना था कि चुनाव के दौरान जानबूझकर कीमतों को नियंत्रित रखा गया और चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ा दी गई।
जिला उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा कि देश का किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग लगातार महंगाई की मार झेल रहा है। पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिससे खाद्य पदार्थों और दैनिक जरूरत की वस्तुओं के दाम भी बढ़ेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार को जनहित के मुद्दों पर विफल बताते हुए कहा कि जनता अब इन नीतियों का जवाब देने के लिए तैयार है।
जिला उपाध्यक्ष नीरज लोहिया ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से छोटे व्यापारियों, होटल और ढाबा संचालकों के साथ रेहड़ी-पटरी लगाने वाले गरीब लोगों पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है जबकि आम जनता महंगाई के बोझ तले दब रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
अनुसूचित जाति मोर्चा चेयरमैन धर्म सिंह जीनवाल ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीज़ल और खाद्य सामग्री की लगातार बढ़ती कीमतों से आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाली भाजपा सरकार चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल देती है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि केंद्र सरकार पेट्रोल, डीज़ल और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस ले और आम जनता को राहत प्रदान करे।
इस दौरान मुकेश शर्मा, नीरज लोहिया, रिजवान चौधरी, प्रो. अजय छोंकर, महाराज सिंह नागर, सतीश शर्मा, धर्म सिंह जीनवाल, अरुण गुर्जर, सूबेदार सतपाल सिंह, विजय नेताजी, बिन्नू भाटी, आरके प्रथम, रघुराज शर्मा, देवेश चौधरी, अरविंद रेक्सवाल, सचिन जीनवाल, जगदीश नागर, विपिन त्यागी, प्रभात सिंह नागर, हबीब इदरीसी, अमित कुमार, प्रिंस भाटी, मोहम्मद तकी, मेहर चंद वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने