खांबी, हरियाणा/ फेस वार्ता: ”,“बृज मंडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल”,“खांबी” में आज कक्षा 12वीं कला एवं विज्ञान संकाय के प्रतिभासम्पन्न विद्यार्थियों के सम्मानार्थ आयोजित अभिनंदन समारोह ज्ञान, संस्कार एवं गौरव का अनुपमेय उत्सव सिद्ध हुआ। सम्पूर्ण विद्यालय प्रांगण उल्लास, आत्मीयता एवं प्रेरणामयी चेतना से अनुप्राणित दिखाई दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम अर्जित करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का पुष्पार्चन, मिष्ठान एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर भावविभोर अभिनंदन किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों की यह गौरवगाथा उनकी अनवरत साधना, अभिभावकों के सतत मार्गदर्शन एवं गुरुजनों की तपःपूत शिक्षण-साधना का प्रतिफल है। संस्था सदैव ज्ञानोपासना, अनुशासन, नैतिक संस्कार एवं व्यक्तित्व-विकास की गौरवशाली परम्परा के निर्वहन हेतु संकल्पित रही है तथा भविष्य में भी उत्कृष्टता की इस अविच्छिन्न परम्परा को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए कृतसंकल्प है।
समारोह में अध्यापकगणों की निष्ठा, कर्मनिष्ठ साधना एवं शिक्षण-समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई। वक्ताओं ने कहा कि गुरु वह दिव्य आलोक-पुंज है, जो अज्ञानरूपी तिमिर का निवारण कर विद्यार्थियों के जीवन में प्रज्ञा, विवेक एवं संस्कारों का ज्योतिर्मय संचार करता है। राष्ट्रोत्थान एवं सभ्यता-संवर्धन की सुदृढ़ आधारशिला के निर्माण में गुरुजनों की भूमिका सदैव सर्वोपरि रही है।
जनसंचार प्रतिनिधि “भगवत प्रसाद शर्मा” का मानना है कि वर्तमान कालखंड में बेटियाँ केवल शिक्षा-जगत में ही नहीं, अपितु विज्ञान, चिकित्साशास्त्र, प्रतिरक्षा एवं अंतरिक्ष-अनुसंधान जैसे दुरूह क्षेत्रों में भी अद्वितीय कीर्तिमान स्थापित कर राष्ट्र की गरिमा को वैश्विक पटल पर आलोकित कर रही हैं। भारतीय नारी आज अपनी प्रतिभा, आत्मबल एवं पुरुषार्थ के माध्यम से विश्व समुदाय को अपनी सामर्थ्य का परिचय दे रही है।
उन्होंने युवा शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि अध्यापक राष्ट्र का यथार्थ शिल्पकार है तथा युवा पीढ़ी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर। अतः युवाओं को चाहिए कि वे भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों एवं नैतिक आदर्शों को आत्मसात कर अपने-अपने कर्मक्षेत्र में नवीन प्रतिमानों की स्थापना करें तथा माता-पिता, गुरुजनों एवं मातृभूमि का यश विश्वपटल पर अभिवर्धित करें।
समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा समस्त विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं यशस्वी भविष्य की मंगलकामना करते हुए शिक्षा, संस्कार एवं राष्ट्रसेवा के पावन पथ पर सतत अग्रसर रहने का संदेश प्रदान किया गया। इस बात की जानकारी भगवत प्रसाद शर्मा ने दी
एक टिप्पणी भेजें