ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता:आईटीएस द एजूकेशन ग्रुप में आयोजित समारोह के दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीडीएस एवं एमडीएस के छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्रों को पारितोषिक राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
बीडीएस के छात्रों में शैक्षणिक क्षेत्र में अक्षिता दीप शर्मा, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में नितिशा बोरा तथा ऑलराउंडर के रूप में सर्वश्रेष्ठ छात्र उत्सव गोयल को सम्मानित किया गया। वहीं एमडीएस के छात्रों में शैक्षणिक क्षेत्र में डॉ. लालनुनपुई पाउतु को सर्वश्रेष्ठ छात्रा एवं डॉ. बिकम राणा को उत्कृष्ट स्नातकोत्तर छात्र के रूप में सम्मान प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय की विगत परीक्षाओं में बीडीएस प्रथम, द्वितीय एवं चतुर्थ वर्ष में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आईटीएस द एजूकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा ने अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान अपने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्र अपनी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से कुशल दंत चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे और ‘स्वस्थ भारत’ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में उत्तीर्ण छात्रों ने संस्थान में बिताए अपने यादगार पलों को साझा किया। भावुक माहौल में छात्रों ने अपने शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ जलपान किया, उनका आशीर्वाद लिया और भविष्य में उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। समारोह का समापन भावुक विदाई के साथ हुआ, जहां छात्रों की आंखें नम नजर आईं।
एक टिप्पणी भेजें