ग्रेटर नोएडा, फेस वार्ता: जी डी गोयंका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी में विद्यार्थियों की मेधा, सृजनशीलता, अनुशासन एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के सम्मानार्थ भव्य एवं गरिमामय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
समारोह के मुख्य अतिथि मेजर जनरल विजय राणा डे एवं डॉ. शुभम शर्मा रहे। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्वलन के साथ मधुर अंग्रेज़ी गीत की मनोहारी प्रस्तुति ने कार्यक्रम की शानदार शुरुआत की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि ऐसे समारोह विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, परिश्रम और निरंतर प्रगति की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों को भी बधाई दी।
कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही “कम्युनिटी स्टार” सम्मान उन छात्र-छात्राओं को प्रदान किया गया, जिन्होंने सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं सकारात्मक व्यवहार के माध्यम से विद्यालय और समाज में प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किए।
इसके अतिरिक्त विभिन्न ज्ञान प्रतियोगिताओं, ओलंपियाड परीक्षाओं एवं अंतर्सदनीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। संगीत, नृत्य, चित्रकला, हस्तकला एवं अन्य सहशैक्षिक गतिविधियों में उल्लेखनीय प्रतिभा दिखाने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया।समारोह का विशेष आकर्षण वे विद्यार्थी रहे जिन्होंने लेखन एवं साहित्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। ऐसे उदीयमान छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित कर उनके रचनात्मक योगदान की सराहना की गई।
मुख्य अतिथि डॉ. शुभम शर्मा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि आज के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ साहित्य, विज्ञान, कला और सामाजिक क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को आनंदमय बना दिया। विशेष रूप से भारतीय शास्त्रीय नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।समारोह के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकगण को शुभकामनाएँ देते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया गया। प्रधानाचार्या ने अपने संदेश में कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने, प्रोत्साहित करने और उन्हें श्रेष्ठ नागरिक के रूप में विकसित करने हेतु प्रतिबद्ध है।
एक टिप्पणी भेजें