ग्रेटर नोएडा, फेस वार्ता: इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में बहुप्रतीक्षित मनी अल्फा 360° समिट 2026 का आज भव्य उद्घाटन हुआ। यह समिट भारत के वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक व्यापक और भविष्य-केंद्रित मंच के रूप में उभर रहा है, जहां वित्त, फिनटेक, निवेश, नीति और उभरती तकनीकों से जुड़े देश-विदेश के विशेषज्ञ एक साथ जुटे हैं।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ रहे। उनके साथ कई प्रमुख गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे, जिनमें यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सीईओ राकेश कुमार सिंह, नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी, ICAI के पूर्व अध्यक्ष सीए चरणजोत सिंह नंदा, इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार और निदेशक मुकेश गुप्ता शामिल रहे।
मुख्य अतिथि नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने अपने संबोधन में कहा कि भारत तेजी से पारंपरिक वित्तीय प्रणाली से डिजिटल और वैश्विक प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने डिजिटल इंडिया और UPI जैसी पहलों को भारत की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस तरह के मंच नवाचार, निवेश और सहयोग को बढ़ावा देते हैं।वहीं, सीए चरणजोत सिंह नंदा ने वित्तीय शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि प्रारंभिक स्तर पर ही छात्रों को वित्तीय साक्षरता से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि AI और ब्लॉकचेन जैसी तकनीकों में दक्षता आज के समय की आवश्यकता बन चुकी है।
राकेश कुमार सिंह (IAS), CEO YEIDA ने क्षेत्रीय विकास की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सेक्टर-11 में प्रस्तावित 500 एकड़ का फिनटेक सिटी प्रोजेक्ट, जो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास स्थित है, इस क्षेत्र को वैश्विक वित्तीय केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम होगा।
वंदना त्रिपाठी (IAS) ने कहा कि नोएडा तेजी से वित्तीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन रहा है और इस प्रकार के आयोजन उद्योग, नीति और तकनीक के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हैं।इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार ने समिट को विचारों, पूंजी और ज्ञान का संगम बताते हुए कहा कि यह मंच नीति-निर्माताओं, निवेशकों और नवाचारकर्ताओं को जोड़ने का कार्य कर रहा है।
समिट के पहले दिन 8 से अधिक उच्च-स्तरीय कॉन्फ्रेंस और ज्ञान सत्र आयोजित किए गए, जिनमें AI आधारित बैंकिंग, फिनटेक इंफ्रास्ट्रक्चर, MSME विकास, वित्तीय पारदर्शिता और संपत्ति निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने नए रुझानों को समझने और निवेश के अवसरों की पहचान पर विशेष जोर दिया।
पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। प्रतिनिधियों, प्रदर्शकों और उद्योग से जुड़े लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए भविष्य के व्यावसायिक अवसरों के लिए नए संपर्क स्थापित किए।
आयोजकों के अनुसार, मनी अल्फा 360° समिट 2026 का यह संस्करण एक झलक मात्र है, जबकि इसका विस्तृत आयोजन 17–19 दिसंबर 2026 को किया जाएगा, जिसे लेकर उद्योग जगत में अभी से उत्सुकता देखी जा रही है।
दूसरे दिन पूंजी बाजार, MSME फंडिंग, ट्रेडिंग सिस्टम और निवेश रणनीतियों पर और गहन चर्चा होने की संभावना है।
मजबूत भागीदारी और उच्च-स्तरीय संवाद के साथ, मनी अल्फा 360° समिट 2026 ने शानदार शुरुआत करते हुए खुद को भारत के प्रमुख वित्तीय आयोजनों में स्थापित करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है।
एक टिप्पणी भेजें