ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता भारत भूषण शर्मा: आई.टी.एस इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए आयोजित फ्लैगशिप हैकाथॉन “हैक द बिगिनिंग’26” का भव्य उद्घाटन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन का संचालन एप्लाइड साइंस एवं ह्यूमैनिटीज विभाग द्वारा नवाचार विकास संस्था नव रचना फाउंडेशन के सहयोग से किया गया।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि माननीय उपाध्यक्ष श्री सोहिल चड्ढा सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस शुभारंभ ने ज्ञान और नवाचार की दिशा में छात्रों को प्रेरित किया।
कॉलेज के निदेशक डॉ. मयंक गर्ग ने स्वागत भाषण में संस्थान की “थिंकिंग प्रोफेशनल्स” तैयार करने की परंपरा पर प्रकाश डाला। विभागाध्यक्ष डॉ. ओ.पी. चौधरी ने छात्रों को तकनीकी ढांचे की जानकारी देते हुए उन्हें रचनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
समारोह की प्रमुख आकर्षण रही न्यूरापेक्स एआई के संस्थापक श्री जयवर्धन त्यागी की प्रेरणादायक प्रस्तुति। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की संभावनाओं और इसके नैतिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान हेतु स्केलेबल तकनीकी समाधान विकसित करने की प्रेरणा दी।
मुख्य अतिथि सुश्री ईशा शर्मा, संस्थापक ट्रायम्बक, ने “एम्पैथी-ड्रिवन डिजाइन” की अवधारणा पर जोर देते हुए नवाचार में मानवीय दृष्टिकोण की आवश्यकता को रेखांकित किया। वहीं सहायक महासचिव, ASSOCHAM की डॉ. अंबिका शर्मा ने भारत में डिजिटल परिवर्तन और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान आई.टी.एस इंजीनियरिंग कॉलेज, ASSOCHAM और ट्रायम्बक के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू का आदान-प्रदान हुआ, जिससे उद्योग और शिक्षा के बीच सहयोग को नया आयाम मिला। अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
एक टिप्पणी भेजें