नोएडा/ फेस वार्ता:थाना सेक्टर-126 नोएडा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक जघन्य हत्या की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने हत्या में शामिल दो मुख्य अभियुक्तों तथा शव को ठिकाने लगाने में सहयोग करने वाले एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड एवं शव छिपाने में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है।
दिनांक 02 जनवरी 2026 को आवेदिका द्वारा थाना सेक्टर-126 पर अपने पति अजय मुखिया (उम्र लगभग 24 वर्ष) की हत्या के संबंध में तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर थाना सेक्टर-126 पर मु0अ0सं0-0002/2026 धारा 103 बी.एन.एस. के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, बीट पुलिसिंग एवं लोकल इंटेलिजेंस के माध्यम से सूचनाएं एकत्र की गईं। प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर ही हत्या का सफल खुलासा करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त रामवचन मांझी ने बताया कि मृतक अजय मुखिया उसका सगा साढ़ू था तथा दोनों रायपुर पुश्ता क्षेत्र में अगल-बगल झुग्गियों में रहते थे। पारिवारिक संबंधों के कारण मृतक का उसके घर आना-जाना बना रहता था।
अभियुक्त को यह आशंका थी कि मृतक उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध बनाना चाहता था, जिस कारण पारिवारिक विवाद उत्पन्न हो गया। इसी बात को लेकर पूर्व में कई बार कहासुनी भी हुई थी। विवाद बढ़ने पर अभियुक्त रामवचन ने अपने दूसरे सगे साढ़ू साजन मांझी से चर्चा की और दोनों ने मिलकर मृतक को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
योजनानुसार दिनांक 28 दिसंबर 2025 को अभियुक्त साजन ने मृतक को शराब पीने के बहाने रायपुर क्षेत्र में बुलाया। इसके बाद दोनों अभियुक्त मृतक को ग्राम असगरपुर, सेक्टर-128 नोएडा ले गए, जहां उसे अत्यधिक मात्रा में शराब पिलाई गई।
जब मृतक अत्यधिक नशे की अवस्था में पहुंच गया, तो अभियुक्तों ने उसे ई-रिक्शा में बैठाकर असगरपुर पुश्ता क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान साजन ने मृतक के हाथ पकड़े, जबकि रामवचन ने उसका गला और मुंह दबा दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
हत्या के बाद शव को पहले मौके पर मिट्टी में छिपा दिया गया। अगले दिन शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से अभियुक्तों ने अपने परिचित अशोक को भी इस अपराध में शामिल किया। तीनों अभियुक्तों ने मिलकर शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर ई-रिक्शा के माध्यम से घोड़ा फार्म/जिंदल फार्म के सामने पुश्ता रोड के किनारे बने गहरे नाले में फेंक दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए अभियुक्तों द्वारा मृतक की तलाश का नाटक भी किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
रामवचन मांझी पुत्र सिरी मांझी, उम्र 28 वर्ष
निवासी – ग्राम भुजहार शंकरपुर, थाना रसराह, जिला समस्तीपुर (बिहार)
वर्तमान पता – रायपुर पुश्ता, सेक्टर-126, नोएडा, साजन मांझी उर्फ सज्जन मांझी पुत्र राम किशन मांझी, उम्र 35 वर्ष
निवासी – ग्राम न्योरीघाट, थाना सिंघियां, जिला समस्तीपुर (बिहार)
वर्तमान पता – ग्राम असगरपुर, सेक्टर-128, नोएडा,अशोक पुत्र आनंदी मांझी, उम्र 27 वर्ष
निवासी – ग्राम सलमपट्टी, थाना खानपुर, जिला समस्तीपुर (बिहार), वर्तमान पता – रायपुर पुश्ता, सेक्टर-126, नोएडा
मृतक का मोबाइल फोन एवं एटीएम कार्ड
शव को छिपाने में प्रयुक्त ई-रिक्शा
पंजीकृत अभियोग
मु0अ0सं0-002/2026
धारा 103/238 बी.एन.एस.थाना सेक्टर-126, नोएडा कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर
एक टिप्पणी भेजें