ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन ग्रेटर नोएडा स्थित YMCA क्लब में हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न समाचार पत्रों, राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय समाचार चैनलों तथा डिजिटल मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों, वरिष्ठ मीडियाकर्मियों के साथ कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
समारोह में राजनीतिक गतिविधियों और औपचारिकताओं से अलग आपसी मेल-मिलाप, भाईचारे और सौहार्द की खूबसूरत झलक देखने को मिली। पत्रकारों और कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सरोकारों, जनहित के मुद्दों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी विचार साझा किए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने उपस्थित पत्रकारों, अतिथियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सद्भाव, विश्वास और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला पर्व है।
उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित किया जाने वाला यह वार्षिक दीपावली मिलन समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पत्रकार साथियों, शुभचिंतकों और कांग्रेस परिवार के सदस्यों के साथ आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारिता की भूमिका अहम
दीपक भाटी चोटीवाला ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि एक सजग, स्वतंत्र और निर्भीक मीडिया ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पत्रकार समाज और सत्ता के बीच संवाद का सेतु होते हैं तथा आम जनता की आवाज को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और पत्रकारों के बीच वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जनहित के प्रति सम्मान हमेशा बना रहना चाहिए।
उन्होंने गौतमबुद्ध नगर के पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जनपद के पत्रकारों ने सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। अनेक अवसरों पर पत्रकारों ने जनसमस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कांग्रेस संगठन पत्रकारों के इस योगदान का सम्मान करता है और उनके साथ आपसी विश्वास एवं संवाद के रिश्ते को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अगली दीपावली तक प्रदेश में कांग्रेस गठबंधन की सरकार होगी : दीपक भाटी
राजनीतिक भविष्य को लेकर अपनी बात रखते हुए दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले वर्ष की दीपावली तक प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि अगली दीपावली पर जब सभी लोग फिर मिलेंगे, तब तानाशाही भरा यह राज बदल चुका होगा और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस गठबंधन की सरकार होगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय किसानों और नौजवानों को लाभ मिलेगा।
समारोह के दौरान पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता और सौहार्द का वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता, भाईचारे तथा आपसी सहयोग की भावना को मजबूत बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में चरण सिंह, दुष्यंत नागर, गौतम अवाना, मुकेश शर्मा, तेजवीर सिंह, नीरज लोहिया, सतीश शर्मा, निशा शर्मा, सूबेदार सतपाल सिंह, किशन शर्मा, देवेश चौधरी, विजय नागर, रघुराज शर्मा, पुनीत मावी, कैलाश बंसल, धर्म सिंह, शीबा राय, शिवानी सिंह, नरेश शर्मा, सुबोध भट्ट, श्रुति कुमारी, अमित कुमार, सचिन जीनवाल, प्रिंस भाटी, नीरज शर्मा, दयानंद नागर, आलोक शर्मा, हबीब इदरीशी, महकार सिंह, महेश नागर, मोहित भाटी, दीपक कुमार, भूपेंद्र सिंह, नूर मोहम्मद, जमरुद्दीन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें