एयरपोर्ट परियोजना से लेकर मेडिकल डिवाइसेज पार्क और औद्योगिक क्लस्टर्स तक की प्रगति का लिया जायजा, प्रदर्शनी की सराहना की
नई दिल्ली/फेस वार्ता: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2026 में प्रगति मैदान, नई दिल्ली स्थित उत्तर प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल द्वारा किया गया। उद्घाटन के बाद मुख्य सचिव ने प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न विकास प्राधिकरणों एवं विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण किया और वहां प्रदर्शित परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के स्टॉल का भी अवलोकन किया। स्टॉल पर प्रदर्शित पोस्टर्स एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने विशेष रूप से नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना, औद्योगिक क्लस्टर्स की प्रगति और मेडिकल डिवाइसेज पार्क सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जायजा लिया।
मुख्य सचिव ने यमुना प्राधिकरण की ओर से प्रदर्शित विकास कार्यों एवं प्रस्तावित योजनाओं की सराहना की। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मुख्य सचिव एस.पी. गोयल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राधिकरण की ओर से नंदकिशोर सुंदरियाल (एसएसओ), अभिमन्यु सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में यमुना प्राधिकरण की परियोजनाओं का प्रदर्शन क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचे को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
एक टिप्पणी भेजें