ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: जिला कांग्रेस कमेटी, गौतमबुद्धनगर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट (बिसरख) स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 7 अक्टूबर को जेवर में होने वाली प्रदेश स्तरीय किसान पदयात्रा और ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत प्रस्तावित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों और फ्रंटल संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में किसान पदयात्रा के दौरान किसानों से जुड़े स्थानीय मुद्दों, उनकी समस्याओं और अधिकारों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों को जेवर क्षेत्र के गांवों में व्यापक जनसंपर्क कर किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च के माध्यम से लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव तथा नागरिकों के मताधिकार से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच ले जाने की बात कही गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि किसानों के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। 7 अक्टूबर की किसान पदयात्रा के माध्यम से किसानों की समस्याओं और उनकी आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा, जबकि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च के जरिए लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने सभी जिला, ब्लॉक एवं नगर पदाधिकारियों तथा फ्रंटल संगठनों से दोनों कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देने के लिए 5 अक्टूबर 2026 को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता आयोजित की जाएगी। इसमें किसान पदयात्रा और ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के कार्यक्रमों की रूपरेखा मीडिया के समक्ष रखी जाएगी।
बैठक में महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, मुकेश शर्मा, सुरेंद्र प्रताप सिंह, दुष्यंत नागर, रिजवान चौधरी, शीबा राय, महाराज सिंह नागर, श्रुति कुमारी, धरम सिंह, हरेंद्र शर्मा, सतीश शर्मा, पुनीत मावी, आर.के. प्रथम, रमेश यादव, सुबोध भट्ट, अरविंद रेक्सवाल, मोहम्मद तनवीर, नीतीश चौधरी, मोहम्मद तकी, गजन प्रधान, अमित कुमार, सचिन जीनवाल, दुर्गेश एडवोकेट, रमेश जीनवाल, जय प्रसाद, जातां सिन्हा, अजब सिंह, हेमंत शर्मा, सुनील नंबरदार, बीरपाल, दिनेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें