नई दिल्ली/फेस वार्ता: दिल्ली के पीवीआर चाणक्यपुरी में 16 सितंबर को क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान, अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मेघना गुलजार मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में करीना कपूर खान ने फिल्म में अपने पुलिस अधिकारी डीसीपी अजूनी कोहली के किरदार को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि ‘दायरा’ में उनका किरदार महिला पुलिस अधिकारियों से जुड़ी पारंपरिक और रूढ़िवादी छवि से अलग है।
करीना ने बताया कि फिल्मों में अक्सर महिला पुलिस अधिकारियों को सख्त और मर्दाना अंदाज में पेश किया जाता है। उनके व्यक्तित्व में रफ-टफ अंदाज, खास चाल-ढाल और एक्शन पर अधिक जोर दिखाई देता है। लेकिन ‘दायरा’ में उनका किरदार इस पारंपरिक छवि से बिल्कुल अलग है।
उन्होंने कहा कि मेघना गुलजार शुरू से ही स्पष्ट थीं कि फिल्म में एक महिला पुलिस अधिकारी को केंद्र में रखा जाना चाहिए। अजूनी कोहली ऐसी महिला है जो अपनी फेमिनिन पहचान को बनाए रखते हुए सख्ती और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्य को निभाती है। वह लिपस्टिक लगाती है, मुस्कुराती है, लेकिन अपने फैसलों में पूरी तरह दृढ़ रहती है।
फिल्म ‘दायरा’ कई सच्ची घटनाओं से प्रेरित पुलिस प्रोसीजरल ड्रामा है, जिसमें न्याय को देखने के दो अलग-अलग नजरिए सामने आते हैं। कहानी में गैंगरेप और मर्डर केस की जांच के दौरान दो अधिकारियों—डीसीपी अजूनी कोहली (करीना कपूर) और डीसीपी रमन कुमार (पृथ्वीराज सुकुमारन)—के दृष्टिकोण सामने आते हैं।
निर्देशक मेघना गुलजार, जो ‘तलवार’ और ‘छपाक’ जैसी संवेदनशील विषयों पर आधारित फिल्मों के लिए जानी जाती हैं, इस फिल्म के जरिए सिस्टम, जिम्मेदारी और समाज की सोच से जुड़े सवालों को सामने रखती नजर आती हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने फिल्म की कहानी, किरदारों और विषय की गंभीरता को लेकर कई सवाल किए। कलाकारों और निर्देशक ने इन सवालों के विस्तार से जवाब दिए और फिल्म से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपनी बात रखी।
मजबूत विषय, दमदार अभिनय और अलग दृष्टिकोण के कारण ‘दायरा’ को एक ऐसी फिल्म के रूप में देखा जा रहा है, जो दर्शकों के सामने गंभीर सवाल खड़े करने के साथ उन्हें सोचने पर मजबूर कर सकती है।
एक टिप्पणी भेजें