Top News

23 दिन की जंग जीतकर घर लौटा समय से पहले जन्मा मासूम, दादरी के गोपाल नर्सिंग होम के डॉक्टरों ने बचाई नन्ही जान।

दादरी/ फेस वार्ता भारत शर्मा: गोपाल नर्सिंग होम में डॉक्टरों की टीम ने चिकित्सा सेवा और समर्पण का ऐसा उदाहरण पेश किया है, जिसने एक परिवार की उम्मीदों को नई जिंदगी दे दी। 32 सप्ताह में समय से पहले जन्मे एक नवजात शिशु को 23 दिनों तक गंभीर परिस्थितियों में उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने उसे पूरी तरह स्वस्थ कर घर भेज दिया।
दादरी स्थित फैजान मदरसे के संचालक इसरत के बेटे का जन्म करीब 23 दिन पहले हुआ था। समय से पहले जन्म लेने के कारण बच्चे का वजन केवल 1.71 किलोग्राम था और उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी। जन्म के तुरंत बाद नवजात को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी, जिसके चलते उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टरों ने फेफड़ों के विकास के लिए ‘सरफेक्टेंट’ थेरेपी सहित कई महत्वपूर्ण उपचार शुरू किए।
इलाज के दौरान बच्चे को कई चिकित्सीय जटिलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन अस्पताल की मेडिकल टीम लगातार 23 दिनों तक उसके उपचार में जुटी रही। डॉक्टरों की निगरानी, आधुनिक उपचार और नर्सिंग स्टाफ की सतत देखभाल के चलते आखिरकार मासूम ने जिंदगी की यह कठिन जंग जीत ली।
इस सफल उपचार में अस्पताल के संस्थापक डॉ. जी.एस. चौबे, डॉ. विनेश पंवार, डॉ. सुमित आई. कर्ण, डॉ. के.पी. सिंह सहित सभी आरएमओ डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की अहम भूमिका रही। डॉक्टरों की मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि आज नवजात पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने माता-पिता के साथ घर लौट चुका है।
बच्चे के माता-पिता ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। अस्पताल परिसर में भी इस सफलता को लेकर खुशी का माहौल बना रहा।

Post a Comment

और नया पुराने