ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता भारत भूषण शर्मा: ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा श्रमिकों के वेतन में 10 प्रतिशत वृद्धि किए जाने के बावजूद नलकूप ऑपरेटर कर्मचारियों को इससे वंचित रखने पर असंतोष बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर प्राधिकरण नलकूप संचालक यूनियन ने विरोध दर्ज कराते हुए ओएसडी को ज्ञापन सौंपा।
यूनियन के अध्यक्ष लोकेश भाटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक से मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत कराया। ज्ञापन में कहा गया कि जहां एक ओर अन्य श्रमिकों का वेतन 10 प्रतिशत बढ़ाया गया है, वहीं पेयजल आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण कार्य से जुड़े नलकूप ऑपरेटरों को इस लाभ से वंचित रखना अन्यायपूर्ण है।
यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर नलकूप ऑपरेटरों के वेतन में भी समान रूप से वृद्धि नहीं की गई, तो प्राधिकरण के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विकास प्रधान, राष्ट्रीय प्रवक्ता बृजेश भाटी सहित भागम नागर, यशपाल भाटी, हरिदत्त नागर, विनोद शर्मा, सरजीत प्रधान, सोनू मावी, श्रीकांत नागर, विनोद नागर, राहुल नागर और सुनील अंबावता समेत कई लोग मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नलकूप ऑपरेटरों की भूमिका आम जनजीवन से सीधे जुड़ी है, ऐसे में उनके साथ भेदभाव किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें