ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: जी डी गोयंका पब्लिक स्कूल में सत्र 2026-27 के अंतर्गत बहुप्रतीक्षित बहुभाषी साहित्य उत्सव “लिटरेरी कैलिडोस्कोप – वर्ड्स विदाउट वॉल्स” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भाषा, साहित्य और संस्कृति के विविध रंगों से जीवंत हो उठा।
कार्यक्रम में कुल 25 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा प्रथम से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने अंग्रेज़ी, हिंदी, संस्कृत, फ्रेंच एवं जर्मन भाषाओं में अपनी दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
उत्सव के अंतर्गत हास्य पंक्तियों का प्रस्तुतीकरण, मौन अभिनय, शेक्सपियर के नाटकों का नवीन रूपांतरण, चित्र संवाद, श्रवण कक्ष, कबीर के दोहों का वाचन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, वीर रस काव्य प्रस्तुति, आशु भाषण, देशभक्ति गीत गायन, कविता पाठ तथा ‘पाँच शब्दों से एक कहानी’ जैसी रोचक और रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
विद्यार्थियों ने मंच संचालन, अभिनय, काव्य पाठ, भाषण, वाद-विवाद और संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, भाषा-ज्ञान और प्रस्तुति कौशल की सभी ने सराहना की।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदकों के साथ प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। विजेताओं ने अपने-अपने विद्यालयों का नाम रोशन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे साहित्यिक उत्सव विद्यार्थियों में भाषाई दक्षता, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक चेतना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।यह बहुभाषी साहित्य उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, विभिन्न भाषाओं के प्रति सम्मान बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रेरणादायक एवं यादगार साबित हुआ।
एक टिप्पणी भेजें