ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता, एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा छात्रों, कर्मचारियों एवं संकाय सदस्यों के लिए कॉलेज परिसर में भव्य पुस्तक प्रदर्शनी 2026 का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रदर्शनी को विद्यार्थियों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। 300 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकों का अवलोकन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन समूह निदेशक डॉ. सुधीर कुमार ने किया, जिसमें एचआईएमटी कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी एवं हरलाल स्कूल ऑफ लॉ के निदेशकों की गरिमामय उपस्थिति रही।
प्रदर्शनी में फार्मेसी, सूचना प्रौद्योगिकी, प्रबंधन, शिक्षा, विधि, जैव प्रौद्योगिकी सहित सामान्य ज्ञान और प्रेरक साहित्य की पुस्तकों का विस्तृत एवं विविध संग्रह प्रदर्शित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की आदत को प्रोत्साहित करना और विभिन्न विषयों से जुड़े शैक्षणिक संसाधनों तक उनकी पहुँच सुनिश्चित करना था।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. सुधीर कुमार ने डिजिटल युग में पुस्तकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छात्रों को स्क्रीन पर अत्यधिक समय बिताने से बचते हुए किताबों के साथ जुड़ाव बनाए रखना चाहिए। उन्होंने पढ़ने की आदत को व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।
इस कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. विनोद गहलोत द्वारा किया गया। छात्रों एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी के साथ यह प्रदर्शनी सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसने ज्ञान और पठन संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एक टिप्पणी भेजें