ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: जेपी पब्लिक स्कूल द्वारा स्पेशल ओलंपिक्स भारत – उत्तर प्रदेश के सहयोग से विशेष बच्चों के लिए हेल्थ स्क्रीनिंग एवं हेल्थ फेस्ट का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, जागरूकता और समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम दिन गौतमबुद्धनगर के विभिन्न विद्यालयों से आए 137 विशेष विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों की नेत्र जांच (EAY) के साथ-साथ सामान्य चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने प्रत्येक बच्चे का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया।
इस स्वास्थ्य शिविर में जयपी हॉस्पिटल एवं कैलाश हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर कैलाश हॉस्पिटल के एजीएम (कॉर्पोरेट) तरनदीप सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के सफल संचालन में स्कूल नर्स मुमताज, विशेष शिक्षिका पूनम और शैलजा का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जबकि पूरे आयोजन का प्रभावी संचालन संयोजक सुश्री नीरज सिंह ने किया।विद्यालय की प्रधानाचार्या मीता भंडुला ने कहा, “इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता और समावेशिता के मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर बच्चा स्वस्थ, आत्मनिर्भर और सशक्त बने।”
वहीं, मुकेश शुक्ला (चेयरमैन, स्पेशल ओलंपिक्स भारत–उत्तर प्रदेश) ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विशेष बच्चों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।
संयोजक नीरज सिंह के अनुसार, इस हेल्थ फेस्ट का उद्देश्य विशेष बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है।
विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या अनीता पिल्लई और प्रशासनिक अधिकारी सुनील नागर के मार्गदर्शन में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
“Each One Reach One” के संदेश को साकार करता यह आयोजन एक स्वस्थ, संवेदनशील और समावेशी समाज की दिशा में अहम कदम साबित हुआ।
आयोजन के दूसरे दिन ‘स्पेशल स्माइल्स’ (डेंटल स्क्रीनिंग) और ‘फन फिटनेस’ (Fun Feet गतिविधियां) आयोजित की जाएंगी, जिससे बच्चों के समग्र स्वास्थ्य और फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें