गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: बिलासपुर नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा नगर कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला आरक्षण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ किए जा रहे दुष्प्रचार का मैदानी स्तर पर जवाब देने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान प्रशासनिक तंत्र की कथित निरंकुशता, स्थानीय किसानों की बदहाल स्थिति, भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों की अनदेखी और उनके साथ हो रहे उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और प्रशासन का उपयोग जनता की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के अधिकारों और उनकी राजनीतिक भागीदारी की समर्थक रही है, और पार्टी गांव-गांव व शहरों में जाकर सच्चाई जनता तक पहुंचाएगी।
उन्होंने किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसान अपने हक के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेंगे।
बिलासपुर नगर कांग्रेस अध्यक्ष यूनुस कुरैशी ने कहा कि संगठन को मजबूत करना ही दुष्प्रचार का सबसे प्रभावी जवाब है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है, जिससे आम जनता, विशेषकर किसान और कमजोर वर्ग, उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं।
पूर्व जिला अध्यक्ष हाजी तफसीर आलम ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा भाईचारे, न्याय और समानता पर आधारित रही है, जबकि वर्तमान समय में समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण और किसानों जैसे मुद्दों का राजनीतिक उपयोग किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, भाजपा के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने और किसानों व आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हाजी तफसीर आलम, यूनुस कुरैशी, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. रतनपाल सिंह, मुकेश शर्मा, महाराज सिंह नागर, निशा शर्मा, नीरज लोहिया, राजेश गोस्वामी, कासिम, सलीम, श्रीति कुमारी, धर्म सिंह जीनवाल, सतीश शर्मा, शमशुल, राजकुमार, अमित कुमार, रमेश वाल्मीकि, हाजी मोहम्मद, शिब्बू लाल, रोबिन, सलमान, आस मोहम्मद, सचिन भाटी, बिन्नू भाटी, नफीस, यामीन, पियूष जाटव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें