Top News

ब्रजभूमि में उमड़ा आस्था का सागर: श्री सींगन बाबा महोत्सव ने जगाई दिव्य चेतना

हरियाणा, फेस वार्ता :होडल (हरियाणा)। ब्रज क्षेत्र की पावन धरती पर स्थित ग्राम खाम्बी (खम्बवन) में पूज्य श्री सींगन बाबा का वार्षिक महोत्सव इस वर्ष भी भव्यता, श्रद्धा और सामाजिक एकता के अद्भुत संगम के साथ संपन्न हुआ। द्विदिवसीय इस धार्मिक आयोजन ने भक्ति, संस्कृति और जन-समन्वय का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
श्री सींगन बाबा मंदिर प्रांगण में आयोजित महोत्सव के दौरान अखंड रामायण पाठ, संकीर्तन, भजन-सत्संग एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भाव-विभोर वातावरण में संपन्न हुए। ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग, समर्पण और उत्साह ने आयोजन को भव्यता के नए आयाम प्रदान किए।
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार सिद्धेश्वर श्री सींगन बाबा एवं खेरा दैवत दादी मैय्या ग्राम खाम्बी की ‘बस्ती माता’ के रूप में पूजनीय हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि उन्होंने समय-समय पर साक्षात प्रकट होकर ग्राम की रक्षा की है और आज भी सच्चे मन से की गई आराधना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण ब्रजधाम के सुप्रसिद्ध भजनाचार्य पंडित तोताराम बृजवासी एवं रेडियो-टेलीविजन कलाकार पंडित तुहीराम खामियाँ की भजन प्रस्तुतियां रहीं। उनके मधुर स्वरों और ब्रज-रस से ओतप्रोत भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालु भाव-समाधि में डूबते नजर आए।
मीडिया एक्जीक्यूटिव भगवत प्रसाद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता सर्ववर्गीय सहभागिता रही। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने समान उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों की सृजनात्मक प्रस्तुतियों और आकर्षक सज्जा ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं युवाओं ने अनुशासन और सेवा-भाव के साथ व्यवस्थाओं का सफल संचालन कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
ग्राम खाम्बी की गलियों में इस दौरान धार्मिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता का जीवंत दृश्य देखने को मिला। यह महोत्सव न केवल स्थानीय परंपराओं को सुदृढ़ करने का माध्यम बना, बल्कि नई पीढ़ी को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त संदेश भी दे गया।

Post a Comment

और नया पुराने