Top News

25 वर्षों की समर्पित सेवा के बाद ओमपाल सिंह ‘गुरुजी’ को भावुक विदाई

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल में शुक्रवार का दिन बेहद भावुक रहा, जब वरिष्ठ शिक्षक ओमपाल सिंह ‘गुरुजी’ को 25 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा पूर्ण होने पर अश्रुपूरित विदाई दी गई। पूरे विद्यालय परिसर में ऐसा माहौल था कि छात्र-छात्राएं, शिक्षक और स्टाफ सदस्य अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए।
ओमपाल सिंह ‘गुरुजी’ ने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल विषयों की गहराई से शिक्षा दी, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर नैतिक मूल्यों, अनुशासन, करुणा और श्रेष्ठ चरित्र का निर्माण भी किया। उनके मार्गदर्शन में पढ़े अनेक छात्र आज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं।विदाई समारोह में छात्रों ने गुरुजी को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें पेन व भगवान की तस्वीर भेंट की। कई छात्र भावुक होकर उनसे गले लगते नजर आए। गुरुजी के संबोधन के दौरान पूरा सभागार शांत हो गया और वातावरण में केवल सिसकियों की आवाजें सुनाई देती रहीं।
विद्यालय के चेयरमैन रामकुमार मावी ने गुरुजी के अतुलनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें पगड़ी, स्मृति चिन्ह एवं विशेष उपहार के रूप में हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भेंट की। उन्होंने कहा कि गुरुजी की निष्ठा, परिश्रम और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व शिक्षक प्रदीप शर्मा, आरती, अनिता, रितु खारी, वीरेंद्र शास्त्री, कमल शास्त्री, शिवकुमार, मेनपाल भाटी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व छात्र अजीत भड़ाना, नरेंद्र, उपेन्द्र, अनिल, परविंदर, सचिन आदि ने भी अपने प्रिय गुरु को भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मनोज मावी, सतवीर मुखिया, एडवोकेट जे.सी. मावी सहित कई प्रमुख व्यक्तियों ने गुरुजी को एक आदर्श शिक्षक और प्रेरणादायक मार्गदर्शक बताते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विद्यालय परिवार ने नम आंखों से कहा कि ओमपाल सिंह ‘गुरुजी’ की कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी, लेकिन उनके संस्कार और शिक्षाएं हमेशा सभी के दिलों में जीवित रहेंगी।

Post a Comment

और नया पुराने