गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: विधानसभा चुनाव की तैयारीयों के क्रम मे बूथवार वोट रक्षकों की नियुक्ति, मतदाता सूची के भौतिक सत्यापन एवं केंद्रीय कंट्रोल रूम को ऑनलाइन रिपोर्टिंग का मंडल अध्यक्षों को दिया गया प्रशिक्षण, मतदाता सूची से हटाए गए प्रत्येक नाम की होगी जमीनी पड़ताल, लोकतंत्र और मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय होगी कांग्रेस।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ तथा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान की तैयारियों को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की एक अत्यंत महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आयोजित की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ जनपद के विभिन्न मंडलों से उपस्थित मंडल अध्यक्षों को बूथवार वोट रक्षकों की नियुक्ति, मतदाता सूचियों से हटाए गए नामों के भौतिक सत्यापन, सत्यापन संबंधी जानकारियों के संकलन तथा उन्हें निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से केंद्रीय कंट्रोल रूम तक पहुंचाने की प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
बैठक में जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा की शीर्ष नेतृत्व के अनुरूप आगामी कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता, अनुशासन एवं संगठनात्मक समन्वय के साथ संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने मंडल अध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने मंडलों के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक मतदान केंद्र के प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक प्रशिक्षित वोट रक्षक की नियुक्ति सुनिश्चित करें। इस कार्य में बूथ लेवल एजेंट, बूथ कमेटियों के सदस्यों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल एवं अन्य फ्रंटल संगठनों के सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
मंडल अध्यक्षों को बताया गया कि वोट रक्षक की जिम्मेदारी केवल संगठनात्मक नियुक्ति तक सीमित नहीं होगी, बल्कि उन्हें अपने बूथ की मतदाता सूची का अध्ययन करते हुए विशेष रूप से उन मतदाताओं के संबंध में जमीनी जानकारी जुटानी होगी जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इसकी सीढ़ी निगरानी ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष करेंगे व दैनिक रिपोर्ट जिला कांग्रेस कार्यालय को भेजेंगे।
वोट रक्षक संबंधित मतदाताओं के घर पहुंचकर यह सत्यापित करेंगे कि संबंधित व्यक्ति वास्तव में उस पते पर निवास करता है अथवा नहीं, उसका नाम किन परिस्थितियों में मतदाता सूची से हटाया गया तथा इस संबंध में उपलब्ध तथ्यों और संबंधित मतदाता के कथन को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज करेंगे
बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय वोट रक्षक अभियान की डिजिटल निगरानी एवं रिपोर्टिंग व्यवस्था रहा।
उपस्थित मंडल अध्यक्षों को www.iamvoterakshak.in पोर्टल के माध्यम से वोट रक्षकों की नियुक्ति, बूथवार सत्यापन संबंधी विवरण, मतदाताओं से प्राप्त जानकारी तथा दैनिक प्रगति रिपोर्ट को ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।
उन्हें बताया गया कि किस प्रकार प्रत्येक बूथ पर किए गए सत्यापन का रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा और मंडल अध्यक्ष अपने क्षेत्र में अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी करेंगे।
प्रत्येक मंडल अध्यक्ष को यह जिम्मेदारी भी दी गई कि वह अपने मंडल के सभी बूथों पर वोट रक्षकों की सक्रियता सुनिश्चित करे तथा प्रतिदिन यह समीक्षा करे कि कितने बूथों पर सत्यापन का कार्य हुआ, कितने मतदाताओं के संबंध में जानकारी एकत्र की गई, कितने बयान दर्ज हुए और किन बूथों पर कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी है।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि मंडल अध्यक्ष अपनी दैनिक रिपोर्ट ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराएंगे। जिला स्तर पर प्राप्त रिपोर्टों का संकलन कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा, जहां से अभियान की प्रगति संबंधी जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय वॉर रूम तक पहुंचेगी।
बैठक में पार्टी नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 22 नवंबर से 30 नवंबर तक वोट रक्षक अभियान के अंतर्गत मतदाता सूचियों से हटाए गए नामों का बूथ स्तर पर भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष प्रतिदिन कार्य की समीक्षा करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर स्वयं संबंधित बूथों पर पहुंचकर सत्यापन कार्य का निरीक्षण करेंगे तथा निष्क्रियता पाए जाने पर संबंधित कार्यकर्ता के स्थान पर दूसरे सक्रिय कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपेंगे।
बैठक में आगामी 26 नवंबर, संविधान दिवस पर प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाले विशाल संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
बताया गया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय तथा प्रत्येक नागरिक के मताधिकार के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराना है।
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों तथा फ्रंटल संगठनों से कार्यक्रम की सफलता के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने और प्रदेश नेतृत्व से प्राप्त निर्देशों के अनुसार तैयारियां सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा
भारत का संविधान प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अधिकार देता है और मतदान का अधिकार हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण बुनियादों में से एक है। मतदाता सूची से किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से हटाया जाना अत्यंत गंभीर विषय है। कांग्रेस पार्टी इस विषय को केवल चुनावी राजनीति के दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि नागरिकों के संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के प्रश्न के रूप में देखती है। हमारा स्पष्ट मानना है कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करने से होती है कि प्रत्येक पात्र नागरिक बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
उन्होंने आगे कहा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान अब गांव, मोहल्ले और प्रत्येक मतदान बूथ तक पहुंचेगा। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर इस अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित करेगी। हमारे मंडल अध्यक्षों और वोट रक्षकों की जिम्मेदारी होगी कि वे मतदाता सूची से हटाए गए नामों की तथ्यात्मक जांच करें, संबंधित नागरिकों से संवाद स्थापित करें और प्रत्येक आवश्यक जानकारी को निर्धारित पोर्टल के माध्यम से संगठन तक पहुंचाएं।
हमारा उद्देश्य केवल आंकड़े एकत्र करना नहीं, बल्कि उन वास्तविक नागरिकों की आवाज सामने लाना है जिनके मतदान के अधिकार पर किसी प्रशासनिक त्रुटि या अनुचित कार्रवाई के कारण प्रतिकूल प्रभाव पड़ा हो सकता है। दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अब केवल बैठकों और कार्यक्रमों तक सीमित रहने के बजाय बूथ स्तर पर संगठित, सक्रिय एवं जवाबदेह भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र का सजग प्रहरी बनेगा। हमारा प्रयास होगा कि जनपद के प्रत्येक बूथ पर एक जिम्मेदार और प्रशिक्षित वोट रक्षक मौजूद हो। मंडल अध्यक्ष स्वयं इस अभियान की निगरानी करेंगे और जिला कांग्रेस कमेटी प्रतिदिन इसकी प्रगति की समीक्षा करेगी।
हम संविधान की रक्षा का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। संविधान की रक्षा का वास्तविक अर्थ है देश के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा करना। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपनी मांग को पूरी मजबूती के साथ उठाती रहेगी। बैठक में मुकेश शर्मा, भगवती शर्मा, हरेंद्र शर्मा, महाराज सिंह नागर, रिज़वान चौधरी, धर्मवीर प्रधान, सतीश शर्मा, चरण सिंह, किशन शर्मा, पुनीत मावी, धर्म सिंह, सचिन शर्मा, सुरेन्द्र प्रताप सिंह, सुबोध भट्ट, रमा नैय्यर, तीरथराम वाल्मीकि, कुलवीर राणा, तनवीर अहमद, राजू राव, सूबेदार सतपाल सिंह, मौ. तकी, विजय नागर, शीबा राय, गीता देवी, अरुण भाटी, अरविन्द रेक्सवाल, नीरज शर्मा, तेजपाल शर्मा, नरेश शर्मा, गौतम सिंह, नीतिश चौधरी, सुनील भाटी, मास्टर हबीब आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सादर
एक टिप्पणी भेजें