Top News

डॉ. खुशबू सिंह बनीं भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष, गौतम बुद्ध नगर में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी।

ग्रेटर नोएडा/फेस वार्ता।
महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभाने वाली डॉ. खुशबू सिंह को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा में गौतम बुद्ध नगर जिले का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति को वर्षों से किए जा रहे सामाजिक कार्यों, महिला हितों के प्रति समर्पण और संगठनात्मक सक्रियता का सम्मान माना जा रहा है।
डॉ. खुशबू सिंह सशक्त महिला उद्यमी संगठन की अध्यक्ष होने के साथ-साथ एक सफल उद्यमी भी हैं। उन्होंने अपने सामाजिक और व्यावसायिक कार्यों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिलाने तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
डॉ. खुशबू सिंह अपनी व्यावसायिक इकाई 'आर्य फैशन्स' के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। उनका प्रयास है कि महिलाएं अपनी प्रतिभा और हुनर के दम पर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें और परिवार तथा समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इसी उद्देश्य को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने सशक्त महिला उद्यमी संगठन की स्थापना की। संगठन के माध्यम से घरेलू महिलाओं से लेकर ग्रामीण महिलाओं और महिला उद्यमियों तक को व्यवसाय शुरू करने, कारोबार का विस्तार करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाती है। समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जाते हैं।
विशेष बच्चों को हुनरमंद बनाने के लिए अनूठी पहल
डॉ. खुशबू सिंह के सामाजिक कार्यों में विशेष बच्चों के प्रति संवेदनशीलता भी प्रमुखता से दिखाई देती है। उन्होंने अभय किड्स फाउंडेशन के विशेष बच्चों के लिए निःशुल्क हस्तशिल्प प्रशिक्षण की पहल शुरू की है। इस पहल के अंतर्गत डाउन सिंड्रोम, ऑटिज्म और अन्य विशेष जरूरतों वाले बच्चों को उनकी क्षमता के अनुसार हुनर सिखाया जा रहा है।
इस कार्य में आर्य फैशन्स की ओर से बच्चों के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही, संस्थान के कुशल कारीगर स्वयं स्कूल पहुंचकर बच्चों और शिक्षकों को हस्तशिल्प का प्रशिक्षण देते हैं। इस पहल का उद्देश्य विशेष बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है।
युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार दिलाने में योगदान
युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में भी डॉ. खुशबू सिंह पिछले तीन वर्षों से सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन और रोजगार मंच के माध्यम से उन्होंने बड़ी संख्या में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भागीदारी निभाई है।
उनके प्रयासों से युवाओं को सवैतनिक प्रशिक्षण के साथ नियुक्ति पत्र और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया गया है। उनका मानना है कि युवाओं को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल और रोजगार के अवसर मिलना भी जरूरी है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर देश की आर्थिक प्रगति में योगदान दे सकें।
नई जिम्मेदारी से महिला सशक्तिकरण अभियान को मिलेगी गति
डॉ. खुशबू सिंह की भाजपा महिला मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति से उनके समर्थकों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में उत्साह है। उनकी कार्यशैली में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सरोकार, विशेष बच्चों का विकास और युवाओं को रोजगार से जोड़ना प्रमुखता से शामिल रहा है।
उनकी नई जिम्मेदारी से उम्मीद जताई जा रही है कि गौतम बुद्ध नगर में महिला मोर्चा की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। साथ ही महिलाओं की समस्याओं को संगठन और प्रशासन तक पहुंचाने, महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वरोजगार तथा आत्मनिर्भरता के विषयों पर भी प्रभावी ढंग से काम करने का अवसर मिलेगा।

Post a Comment

और नया पुराने